आमेट। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय (उपशाखा आमेट) ने बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के कुंपासलर गांव में प्रधानाचार्य किशनाराम कायल पर हुए हमले का कड़ा विरोध किया है। इस घटना की निंदा करते हुए शिक्षकों ने आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है। इसके लिए मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तैयार किया गया, जिसे उपखंड अधिकारी गोविन्द सिंह रतनू के नाम पर मनीष साहू और विनोद कुमार को सौंपा गया।
पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह चुंडावत ने कहा कि प्रधानाचार्य का पद गरिमामय होता है और उन पर ऐसा हमला होना बेहद निंदनीय है। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश वैष्णव ने सरकारी स्कूलों में बढ़ती चोरियों और शिक्षकों पर हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए सरकार से सभी स्कूलों में सुरक्षा गार्ड लगाने की मांग की। इसके अलावा भंवर लाल पालीवाल, देवीलाल खटीक और प्रकाश चन्द्र प्रजापत ने आय प्रमाण पत्र और आधार कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेजों को राजपत्रित अधिकारी द्वारा सत्यापित (वेरिफाई) करवाने के लिए एक आसान गाइडलाइन बनाने की मांग रखी, ताकि काम में आसानी हो सके। वहीं, जगदीश चन्द्र शर्मा और गोपी लाल रेगर ने आय प्रमाण पत्रों के सत्यापन में आ रही दिक्कतों को भी उजागर किया।
ज्ञापन सौंपने के इस कार्यक्रम में विद्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस मौके पर राजेन्द्र सिंह चुंडावत, देवीलाल खटीक, मुकेश वैष्णव, सदीक मोहम्मद, भंवर लाल पालीवाल, अविनाश जोशी, प्रकाश चन्द्र प्रजापत, अशोक कुमार खटीक, लक्ष्मण लाल रेगर, गोपी लाल रेगर, सुरेश कुमावत, जगदीश चन्द्र शर्मा, किशनलाल गुर्जर, गणेश लाल गुर्जर, गौरीशंकर पारीक, बुद्धि प्रकाश मीणा और मोहन सिंह चौहान सहित कई शिक्षक और पदाधिकारी मौजूद रहे।
