नाथद्वारा। राजसमंद जिले के श्री गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय, नाथद्वारा को जल्द ही एक बड़ा सम्मान मिल सकता है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी किए जाने वाले राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन के लिए एक विशेष टीम ने अस्पताल का तीन दिवसीय सघन निरीक्षण किया है।
हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से आए डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम ने अस्पताल की सेवाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। इस दौरान रोगी अधिकार, सेवा प्रावधान, गुणवत्ता प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, और नैदानिक सेवाओं सहित कुल आठ महत्वपूर्ण क्षेत्रों की जांच कर रिपोर्ट बनाई गई। टीम अपनी यह रिपोर्ट मंत्रालय में प्रस्तुत करेगी, जिसके स्कोर के आधार पर चिकित्सालय को प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
अस्पताल के पीएमओ (PMO) अनिल शाह ने बताया कि इस प्रमाणन का मुख्य उद्देश्य बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मान्यता देना है। मूल्यांकन में 70% या उससे अधिक स्कोर प्राप्त करने पर प्रमाणित दर्जा मिलता है, जो 3 साल के लिए मान्य होता है। इसके साथ ही वित्तीय प्रोत्साहन भी दिया जाता है, जिससे भविष्य में अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा। पीएमओ ने आश्वासन दिया है कि टीम द्वारा बताई गई कमियों (गैप्स) को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा ताकि मरीजों को बेहतर गुणवत्ता वाली सेवाएं दी जा
सकें।
