उदयपुर नगर निगम ने बकाया नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की वसूली के लिए शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में सख्त कार्रवाई की। मार्च महीने का लक्ष्य पूरा करने के लिए निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर बापू बाजार, अश्विनी बाजार, हाथीपोल और हिरण मगरी जैसे क्षेत्रों में कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों को सीज किया गया। निगम की इस सख्ती को देखते हुए कई व्यापारियों ने तुरंत बकाया राशि जमा कराई।
बापू बाजार और नेहरू बाजार क्षेत्र में मोहनलाल भंसाली (भारत ऑप्टिकल), किरण सिंह चौधरी, भंवर सिंह, जमुना देवी बुलां (केएंडआर टेलर), मोहनलाल बापना, नवीन चंद और पुष्पा देवी के प्रतिष्ठानों पर लाखों रुपये का टैक्स बाकी होने के कारण कार्रवाई की गई। इसके अलावा मूलचंद तलरेजा, चंद्र प्रकाश पाहुजा, तुलसीराम चंद्रा और हाथीपोल मार्ग पर नरेन्द्र बथवी की दुकानों को भी सीज किया गया। कार्रवाई के तुरंत बाद इन सभी ने निगम पहुंचकर अपना बकाया टैक्स जमा करवा दिया।
शहर के अन्य हिस्सों में भी निगम का अभियान जारी रहा। परशुराम चौराहा स्थित एकमे बिल्ड ई-स्टेट लिमिटेड (मीना जैन और कालूलाल जैन), सेक्टर 14 स्थित जीपीके सुपर मार्केट, सेक्टर 11 में पुष्कर राम और सेक्टर 3 स्थित राजवीर पंचमुखी रेस्टोरेंट व भाग्यश्री कलेक्शन पर भी सीज की कार्रवाई की गई। इन प्रतिष्ठानों पर 2 लाख से लेकर 5 लाख रुपये तक का टैक्स बकाया था, जिसके चलते विभाग ने सख्त कदम उठाए।
