मेवाड़ के प्रियवृत सिंह शिवरती बने सेना में अधिकारी - Mewar App

मेवाड़ के प्रियवृत सिंह शिवरती बने सेना में अधिकारी

उदयपुर। चेन्नई के ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) में आयोजित पिपिंग समारोह में पासिंग आउट परेड के साथ ही 345 भारतीय कैडेट्स भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। इन कैडेट्स में 27 महिला अधिकारी भी शामिल हैं। इनके साथ ही मित्र देशों के 4 कैडेट्स ने भी अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। इस गरिमामय समारोह में सभी अधिकारियों ने अपनी मेहनत से हासिल किए गए ‘स्टार’ धारण किए, जो उनके जीवन में एक नए गौरवशाली अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है।

इन नए सैन्य अधिकारियों में मेवाड़ राजवंश के शिवरती घराने के 21 वर्षीय प्रियवृत सिंह शिवरती भी शामिल हैं। प्रियवृत ने यह मुकाम अपने परदादा मेजर महाराज उदय सिंह शिवरती के पदचिन्हों पर चलते हुए हासिल किया है, जो पूर्व महाराणा भागवत सिंह मेवाड़ के सगे काका थे। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने परिवार की सैन्य सेवा की परंपरा को जीवंत रखा है।

प्रियवृत सिंह की प्रारंभिक शिक्षा डेली कॉलेज, इंदौर से हुई है और वे एक राष्ट्रीय स्तर के राइफल शूटर भी रहे हैं। उनके पिता अजात शत्रु सिंह शिवरती इतिहास के प्रोफेसर होने के साथ-साथ बीसीसीआई (BCCI) के क्रिकेट अंपायर और मीडिया जगत से भी जुड़े हुए हैं। प्रियवृत की इस सफलता से उनके परिवार और मेवाड़ क्षेत्र में खुशी की लहर है।

Extra Image:
Missing Attachment