राजस्थान में नेताओं समेत बड़े बिजनेसमैन को गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से फिरौती मांगने के मामले में बड़ा खुलासा आया है। रोहित गोदारा सिंडिकेट से जुड़े बदमाश इन बड़े लोगों के मोबाइल नंबर गोदारा तक पहुंचाते थे। ये बदमाश राजू ठेहट हत्याकांड के शूटर है और अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है। जेल से ही अपने लोकल गुर्गों से संपर्क कर इन बड़ों लोगों की रैकी करवाते थे और फिर फिरौती का खेल खेला जाता था। इन दोनों बदमाशों ने नीमकाथाना के एक लोकल नेता के नंबर रोहित गोदारा गैंग को दिए थे। इन आरोपियों ने अन्य भी कई बिजनेसमैन के नंबर रोहित गोदारा गैंग तक पहुंचाएं। इसके बाद रोहित गोदारा गैंग के राहुल रिनाउ ने पॉलीटिशियन को कॉल करके कहा कि ‘मैं रोहित गोदारा गैंग से बोल रहा हूं। 5 करोड़ रुपए दे दो नहीं तो आपको और आपके परिवार को जान से मार दूंगा।’ नीमकाथाना पुलिस अब अजमेर जेल में बंद दोनों शूटर को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लेकर आएगी। वहीं दो गुर्गों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। सिलसिलेवार पढ़िए-पूरा मामला नेता और खनन कारोबारी से करोड़ों की मांगी थी फिरौती सीकर की नीमकाथाना कोतवाली पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग से जुड़े दो आरोपी रघुराज सिंह (27) उर्फ पम्मी पुत्र शंकर सिंह शेखावत निवासी नीमकाथाना और प्रविंद्र सिंह(20) उर्फ सन्नी पुत्र कृष्ण सिंह निवासी बंधा की ढाणी और मनोज साईं को गिरफ्तार किया था। इन दोनों आरोपियों को नीमकाथाना के खनन कारोबारी से 2 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में 4 फरवरी को प्रोडंक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया था। दोनों 9 फरवरी तक रिमांड पर है। इससे पहले दोनों को नीमकाथाना के ही लोकल नेता से 5 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में 25 गिरफ्तार किया था। इनके पास से मोबाइल और गाड़ी भी बरामद की थी। ठेहट मर्डर केस के शूटर्स के संपर्क में थे पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए, जिसमें सामने आया कि दोनों आरोपी राजू ठेहट मर्डर मामले में अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद आरोपी कुलदीप उर्फ केडी और मनीष बच्चिया के संपर्क में थे और सैटेलाइट ऐप के जरिए बातचीत करते थे। जेल में बंद मनीष और कुलदीप ने इन दोनों से नीमकाथाना इलाके के करोड़पति लोगों की जानकारी मांगी थी। इसके बाद रघुराज और उसके साथियों ने मनीष और कुलदीप तक यह जानकारी पहुंचाई कि कौन कारोबारी कितनी फिरौती का दे सकता है। उनके कहने पर बड़े लोगों के मोबाइल नंबर लेकर उन्हें देते थे। इसके बाद ये नंबर आगे गैंगस्टर रोहित गोदारा तक पहुंचाए जाते थे। अब नीमकाथाना पुलिस हाई सिक्योरिटी जेल से मनीष बच्चिया और कुलदीप उर्फ केडी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करके पूछताछ करेगी। गोदारा सिंडिकेट की चेन को पकड़ेगी पुलिस पुलिस को अंदेशा है कि फिरौती मिलने के बाद इन आरोपियों तक फिरौती की राशि भी पहुंचा दी थी। पुलिस उस फिरौती की राशि को भी बरामद कर सकती है। ऐसे में पुलिस को फिरौती के रकम गैंगस्टर्स तक पहुंचने की ट्रेल के बारे में पता लग सकता है। संभवतया यह पहला मामला होगा जब पुलिस गैंगस्टर्स की ओर से धमकियां देने के मामले में पूरे सिंडिकेट के वर्क प्रोसेस का पता लगाएगी। — ये खबर भी पढ़िए- कारोबारी से 5 करोड़ की फिरौती मांगी, 2 गिरफ्तार:रोहित गोदारा गैंग को दोनों गुर्गों ने दिए थे हाई प्रोफाइल लोगों के नंबर सीकर में बिजनेसमैन से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग के 2 गुर्गों को गिरफ्तार किया। (पढ़िए पूरी खबर)
