देवर ने अपनी ही भाभी को डायन बता कर उस पर हमला कर दिया। घर में घुसते ही उसने भाभी को डायन कहकर पुकारा और गला पकड़ लिया। जमीन पर पटककर गला घोंटने लगा। ये देख बचाने आई बेटी और बहू पर पर भी उसने हमला कर दिया। दोनों पर लात-घूंसे चलाए। शोर सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हुए तो आरोपी वहां से भाग निकला। इसके बाद तीनों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। जहां उनका इलाज जारी है। मामला बांसवाड़ा के दानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रविवार रात का है। घर में घुसते ही डायन कहना शुरू किया परिजनों ने बताया- परिजनों ने बताया कि आरोपी रविवार रात शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। उसने अचानक अपनी भाभी को डायन कहकर पुकारना शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने भाभी का गला दबाकर उन्हें जमीन पर पटक दिया। बहु-बेटी पर भी हमला किया परिजनों ने बताया कि महिला की बहू और बेटी ने चीख-पुकार सुनी, तो वे बीच-बचाव करने दौड़ीं। लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला बोल दिया और मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग निकला। MHG रेफर किया घटना के बाद परिजनों ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को स्थानीय अस्पताल छोटी सरवन पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद देर रात करीब 10 बजे तीनों को जिला अस्पताल (MGH) रेफर कर दिया गया।
