झुंझुनूं पुलिस ने एक गोल्ड फाइनेंस में नकली सोना रखकर 30 लाख रुपए का गबन करने के मामले का खुलासा किया है। कंपनी के ही दो भरोसेमंद अधिकारियों ने पद का दुरुपयोग किया और नकली को असली सोना बताकर लोन पास किए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तत्कालीन ब्रांच मैनेजर और असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार किया है। मामला मण्णपुरम फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड की पिलानी ब्रांच का है, जिसकी रिपोर्ट एरिया मैनेजर लोकेश शर्मा ने 3 दिसंबर 2025 को पिलानी थाने में दर्ज करवाई थी। पिलानी थानाधिकारी चंद्रभान के नेतृत्व में गठित टीम ने तत्कालीन असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर नरेन्द्र सिंह (25) पुत्र बजरंग सिंह, निवासी ढाणी देवलक्या (गुढ़ागौड़जी, झुंझुनूं) और तत्कालीन ब्रांच मैनेजर संदीप सैनी (27) पुत्र गणेशराम सैनी, निवासी श्रीमाधोपुर (सीकर) को गिरफ्तार किया है। ऑडिट में हुआ खुलासा, एरिया मैनेजर ने दर्ज करवाई रिपोर्ट
थानाधिकारी के अनुसार- मामले की रिपोर्ट एरिया मैनेजर ने दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि ब्रांच मैनेजर संदीप सैनी और असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर नरेन्द्र सिंह ने मिलकर गबन की साजिश को अंजाम दिया। उन्होंने पद का फायदा उठाते हुए ‘अंडर स्टोन’ (पत्थर लगे गहने) और पूरी तरह से नकली ज्वेलरी को रिकॉर्ड में असली सोना दिखाया। आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों और जानकारों के नाम पर करीब 30 लाख 8 हजार 281 रुपए का लोन स्वीकृत कर राशि बांटकर हड़प ली। 12 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2025 के बीच कंपनी के ऑडिटर हेमराज मीणा और मनीष कुमार ने ब्रांच विजिट की। ऑडिट में सामने आया कि कई पैकेट में सोना गायब है या फिर उसकी शुद्धता शून्य है। इसके बाद एरिया मैनेजर लोकेश शर्मा ने 3 दिसंबर 2025 को पिलानी थाने में मामला दर्ज करवाया और दोनों को पद से हटा दिया गया। आरोपियों ने जानकारों के बैंक खातों में ट्रांसफर की थी रकम
थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सभी दस्तावेजों की जांच की। बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें संदिग्ध लेनदेन और आरोपियों की मिलीभगत के सबूत मिले। जांच में करीब 10 ऐसे बैंक खाते सामने आए, जिनमें लोन की यह राशि ट्रांसफर की गई थी। ये खाते आरोपियों के करीबियों के थे। एएसआई कमल सिंह ने शाखा के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की, जिसमें नकली गहनों पर लोन अप्रूव करने के पुख्ता सबूत मिले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आज सोमवार को कोर्ट में पेश किया। फिलहाल आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है, जिससे पता लगाया जा सके कि इस गबन में और कौन-कौन शामिल है और गबन की गई राशि का कहां निवेश किया गया है। ……………….
ये खबर भी पढ़िए राजस्थान में बैंक से 6.50 करोड़ रुपए का सोना गायब:73 पैकेट में असली गोल्ड की जगह नकली रखा, तत्कालीन मैनेजर समेत 3 पर केस झुंझुनूं में पंजाब नेशनल बैंक से 4.198 किलो सोने की ज्वेलरी गायब हो गई। गोल्ड सेफ की जिम्मेदारी बैंक में दूसरे कर्मचारी को सौंपने के दौरान हुई जांच के दौरान मामले का खुलासा हुआ। पूरी खबर पढ़िए
