केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर फटा, धमाके के साथ लगी आग:10 टन वजनी पार्ट्स 300 मीटर दूर पंचायत ​में गिरा, एसडीएम ऑफिस के छत की दीवार टूटी – Mewar App

केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर फटा, धमाके के साथ लगी आग:10 टन वजनी पार्ट्स 300 मीटर दूर पंचायत ​में गिरा, एसडीएम ऑफिस के छत की दीवार टूटी

चित्तौड़गढ़ में केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर फटने से उसमें आग लग गई। बायलर फटने का धमाका इतना तेज था इसका 10 टन वजनी एक पार्ट 300 मीटर दूर पंचायत परिसर में जाकर गिरा। वहीं इसके दूसरे हिस्से एसडीएम और तहसील ऑफिस में जाकर गिरे। इससे वहां के छत की दीवार तक टूट गई। मामला जिले के कपासन कस्बे में स्थित रीको इंडस्ट्रीयल एरिया में सोमवार रात 11 बजे बाद का है। ये हादसा रीको में स्थित मरून इंडस्ट्रीज का है। बॉयलटर फटने से उसका वाल्व 500 मीटर दूर एक घर की छत पर जा गिरा। इतना ही नहीं धमाके की गूंज पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। मंगलवार सुबह जब लोग उठे तो उनके खेतों और घरों तक में इसके पार्ट्स बिखरे हुए मिले। केमिकल फैक्ट्री में धमाके से बॉयलर के हिस्से 500 मीटर दूर घरों में भी जाकर गिरे। आग इतनी भीषण थी कि केमिकल फैक्ट्री के पास बनी स्क्रैप फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया और इसका एक हिस्सा तक ढह गया। फोटो में देखें ​कैसे भारी-भरकम पार्ट्स दूर-दूर जाकर बिखरे… धमाके की आवाज सुन लोग घरों से बाहर निकले, 500 मीटर तक गिरे पार्ट्स जानकारी के अनुसार मरून इंडस्ट्री में अचानक बॉयलर फटा और धमाके के साथ आग लग गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि लोग नींद से उठकर बाहर निकले। जहां फैक्ट्री में चारों तरफ आग की लपटें दिखाई दे रहीथी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्क्रैप फैक्ट्री में भी आग की वजह से वहां की लोहें की चद्दरें उड़ गई और दीवारों तक में दरारें आ गई। जिस मकान की छत पर वाल्व गिरा था, वहां लगी पट्टी भी टूट गई। मंगलवार सुबह जब लोग उठे तो 500 मीटर दूर तक बॉयलर के पार्ट्स लोगों की घरों की छत तक पर बिखरे थे। 300 मीटर दूर पंचायत परिसर में बॉयलर का भारी-भरकम 10 टन वजनी पार्ट जाकर गिर गया। वहीं पंचायत परिसर के पास बने एसडीएम और तहसीलर ऑफिस में भी इसके पार्ट्स ​जाकर गिरे। भारी पार्ट्स की वजह से इन ऑफिस के छत की दीवारें तक टूट गई। एसडीएम ऑफिस की छत पर इसके हिस्से भी बिखरे हुए थे। इतना ही नहीं फैक्ट्री से 500 मीटर दूर रेलवे स्टेशन के पास बने एक मकान की छत पर लोहे के पाइप जा गिरे। इससे छत पर लोहे के टीन शेड तक टूटकर बिखर गए। दमकल की कई गाड़ियों ने दो घंटे में पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टम माके पर पहुंची। आग इतनी भयानक थी कि उसे काबू में करने में दमकल कर्मियों को करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी की मदद से भी राहत काम किया गया। देर रात तक चले कोशिशों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर आलोक रंजन, एसपी मनीष त्रिपाठी और कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया और किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए सतर्कता बरती गई। आसपास की अन्य इकाइयों और मकानों में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। विधायक बोले: स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने बताया कि मरून केमिकल फैक्ट्री में कलर बनाने का काम होता है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और तुरंत कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। हादसा किन कारणों से हुआ, यह जांच का विषय है और आग पूरी तरह बुझने के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा। विधायक ने यह भी कहा कि फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। कलेक्टर बोले- कोई हताहत नहीं, जांच जारी है जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि कपासन के रीको इंडस्ट्रियल एरिया की इस केमिकल फैक्ट्री में कुछ इंटरमीडिएट केमिकल बनाए जाते हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। फैक्ट्री मालिक से बातचीत कर प्राथमिक जानकारी ली गई है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फिलहाल नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।