भारत-पाकिस्तान इंटरनेशन बॉर्डर से सटे जैसलमेर के म्याजलार क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेलंगाना का संदिग्ध युवक पकड़ा गया।प्रतिबंधित सीमावर्ती इलाके में घूमते मिले युवक को ग्रामीणों ने रोककर पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के हवाले कर दिया। युवक के पास पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी है। प्रतिबंधित रेतीले इलाके में संदिग्ध गतिविधि जानकारी के अनुसार, मंगलवार (17 फरवरी) सुबह गुंजनगढ़ गांव के पास सीमाजन कल्याण समिति के सदस्य भोजराज सिंह गुंजनगढ़ और भाखर सिंह करड़ा ने एक अनजान युवक को खेतों और प्रतिबंधित रेतीले क्षेत्र में घूमते देखा। युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने उसे रोका और पूछताछ की। स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पोछीणा स्थित BSF चौकी को सूचना दी। युवक की पहचान अशफाक हुसैन (38) निवासी तेलंगाना के रूप में हुई है। तलाशी में मिला पासपोर्ट और आधार कार्ड BSF टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास से भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद हुआ। इसके बाद आधार पर प्राथमिक पहचान की गई। सीमावर्ती प्रतिबंधित इलाके में बाहरी राज्य के व्यक्ति का बिना वैध अनुमति पहुंचना सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जा रहा है। संयुक्त पूछताछ शुरू, खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए BSF के साथ खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वह तेलंगाना से जैसलमेर के सीमावर्ती इलाके तक कैसे पहुंचा। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि क्या उसका कोई स्थानीय संपर्क है या वह भटककर वहां पहुंचा। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश के पीछे उसका उद्देश्य क्या था, इसकी जांच की जा रही है। — संबंधित ये खबर भी पढ़िए … भारत-पाक बॉर्डर पर आर्मी ने संदिग्ध युवक पकड़ा:खाजूवाला बॉर्डर से पाकिस्तान जाने की फिराक में था बीकानेर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से होकर पाकिस्तान जाने की फिराक में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसे सेना के जवानों ने 17 केवाईडी से पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। पूरी खबर पढ़िए
