एक छोटे बच्चे का हाथ कटकर मेरी छाती पर आकर लगा। बहुत भीषण हादसा हुआ था, बस के कांच वगैरह सब टूट गए थे। हम बस के पीछे वाले गेट को तोड़कर बाहर निकले। एक बुजुर्ग का हाथ टूट गया था, उसको तो मैंने ही बाहर निकाला था। 3 बॉडी भी बाहर निकाली थीं। इसके बाद हम तो एम्बुलेंस में बैठकर आ गए। अब पता नहीं कितने शव होंगे। यह कहना है बालोतरा जिले में हुए हादसे के प्रत्यक्षदर्शी रमेश बिश्नोई का। रमेश विश्नोई ने बताया- बस का ड्राइवर तेज स्पीड में चला रहा था। तेज स्पीड पर चलने पर हमने टोका भी था कि भाई बस को धीरे चलाओ। उस वक्त तो उसने कुछ नहीं कहा। इसके 5 मिनट बाद आगे जाते ही किसी ने टक्कर मार दी। हादसे में बस वाले की गलती है, वो ओवर स्पीड में था। दरअसल, बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव में नेशनल हाईवे-25 पर एक स्लीपर बस ओवरटेक के दौरान सामने से आए ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में किसी का हाथ टूट गया तो किसी का पांव। अब जानिए, हादसे पर प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों ने क्या कहा…। एक्सीडेंट होते ही बेहोश हो गया
जालोर के मोरसिंग निवासी बगदाराम (60) ने बताया- तीन माह पहले जोधपुर एम्स में फिस्टुला का ऑपरेशन हुआ था। मैं उसी की जांच करवाने के लिए जोधपुर एम्स आए थे। एम्स में डॉक्टर को दिखाने के बाद निजी ट्रेवल्स की बस से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में पचपदरा के पास बस का एक्सीडेंट हो गया। मैं कांच के शीशे के पास बैठा था। मेरे हाथ में कांच आकर लगा। मैं एक्सीडेंट होते ही बेहोश हो गया था। कुछ समय बाद जब बस से घायलों को निकाला जा रहा था, तब मुझे होश आया। इसके बाद मुझे बस से बाहर लाया गया और अस्पताल पहुंचाया गया। बगदाराम के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। मथुरादास माथुर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। मैं हादसे में बाल-बाल बच गया
प्रत्यक्षदर्शी जैताराम ने बताया- एक्सीडेंट में बस एक तरफ से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। मेरे चाचा बगदाराम का एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। मैं जिस सीट पर बैठा था, उस पर बैठे बाकी तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मैं हादसे में बाल-बाल बच गया। करीब आधे घंटे तक आस-पास से जाने वाले लोगों को रुकवाया। इसके बाद घायलों को बाहर निकाला। होली मनाने के लिए घर जा रहे थे प्रत्यक्षदर्शी रमेश बिश्नोई ने कहा- मैं सांचोर का ही रहने वाला हूं। मैं और मेरा भाई होली मनाने के लिए घर जा रहे थे। दोपहर 1 बजे हम एक बस में बैठ गए थे, लेकिन कल्याणपुरा के पास जाकर बस खराब हो गई। करीब 10-15 मिनट तक हम बस में ही बैठे रहे। फिर बस वाले ने कहा कि दूसरी बस आ रही है, आप उसमें बैठ जाओ, वो आपको भारत माला से सीधा पहुंचा देगी। फिर हम दूसरी बस में बैठ गए। हादसे के वक्त एक छोटे बच्चे का हाथ कटकर मेरे सामने आकर लगा था। बस के कांच वगैरह सब टूट गए थे। ———– हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… बालोतरा में ट्रेलर से टकराई स्लीपर बस, 6 की मौत:दो सगे भाइयों के सिर धड़ से अलग हो गए, सीटों से नीचे लटके शव बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव में नेशनल हाईवे-25 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्लीपर बस ओवरटेक के दौरान सामने से आए ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। ऐसे में मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। पढ़ें पूरी खबर
