नीला सिलेंडर’ हुआ अंडरग्राउंड, ब्लैक में 2500 का भाव! इंडियन ऑयल ने आपूर्ति भी बंद की - Mewar App

नीला सिलेंडर’ हुआ अंडरग्राउंड, ब्लैक में 2500 का भाव! इंडियन ऑयल ने आपूर्ति भी बंद की

सात समंदर पार छिड़ी जंग का धुआं अब ग्वालियर के हलवाइयों और होटल संचालकों की आंखों में आंसू ला रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर शहर की गैस सप्लाई पर पड़ा है। सोमवार से 19 किलो वाले कमर्शियल (नीले) सिलेंडर की बिक्री पर ब्रेक लग गया है। इंडियन ऑयल के नीले सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी। इससे शहर के खान-पान के बाजार में हडक़ंप मच गया है। 2110.50 रुपए का कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से रेस्टॉरेंट संचालक, फैक्ट्री, शादी-ब्याह में परेशानी का आलम बन गया है। ऐसे में 2110.50 रुपए का कमर्शियल सिलेंडर ब्लैक मेे 2500 रुपए तक बिक गया। वहीं घरेलू गैस सप्लाई पर भी अनौपचारिक नियंत्रण जारी है। नई व्यवस्था के तहत अब किसी भी एलपीजी उपभोक्ता को महीने में दो सिलेंडर नहीं मिल पाएंगे। जिन ग्राहकों के पास डबल सिलेंडर कनेक्शन (डीवीसी) है उन्हें दूसरा सिलेंडर लेने के लिए 25 दिन इंतजार करना पड़ रहा है।