भारत के तीन-चौथाई आबादी वाले 57% जिलों में बेहद उच्च गर्मी का जोखिम - Mewar App

भारत के तीन-चौथाई आबादी वाले 57% जिलों में बेहद उच्च गर्मी का जोखिम

अहमदाबाद. भारत के तीन-चौथाई आबादी वाले 57% जिलों में ‘बेहद उच्च’ गर्मी का जोखिम सामने आया है। इनमें गुजरात के 26 जिले बेहद उच्च जोखिम, 6 जिले उच्च जोखिम और 1 जिला मध्यम जोखिम श्रेणी में है। काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (सीईईडब्ल्यू) के शोध में यह तथ्य सामने आए हैं। अध्ययन के अनुसार भारतीय शहर और जिले जटिल और अनियमित जलवायु पैटर्न का सामना कर रहे हैं। ऐसे में गर्मी से निपटने के लिए त्वरित और प्रभावी योजनाओं के निर्माण व क्रियान्वयन की जरूरत है।सीईईडब्ल्यू का अध्ययन 35 संकेतकों के आधार पर भारत के 734 जिलों के लिए गर्मी के जोखिम का पहला समग्र मूल्यांकन पेश करता है। यह बताता है कि 1982 से 2022 तक जलवायु परिवर्तन ने हीट हैजर्ड (गर्मी के खतरों) के रुझानों में किस तरह से बदलाव किया है। इस मूल्यांकन में देश के 417 जिले ‘उच्च’ और ‘अत्यधिक उच्च’ जोखिम श्रेणी में, जबकि 201 जिले ‘मध्यम’ जोखिम की श्रेणी में आए हैं।