जैसलमेर जिला अस्पताल में एनसीडी क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ - Mewar App

जैसलमेर जिला अस्पताल में एनसीडी क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ

जैसलमेर शहर के जवाहिर चिकित्सालय में एनसीडी क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ किया गया। उपखंड अधिकारी जैसलमेर सक्षम गोयल ने फीता काटकर इस क्लिनिक का उद्घाटन किया। यह पहल लूपिन ह्यूमन वेलफेयर रिसर्च फाउंडेशन और राजस्थान सरकार के संयुक्त प्रयास से गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम और सुधार के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम के अंतर्गत की गई है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंद्र सांखला, लूपिन फाउंडेशन के स्वास्थ्य प्रबंधक डॉ.नचिकेत सुले, जिला अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ, लूपिन फाउंडेशन के जिला प्रबंधक रवि दाधीच, तुषार झालानी और महावीर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। डॉ. पालीवाल ने बताया कि एनसीडी क्लिनिक के माध्यम से मरीजों को डायबिटीज, हृदय रोग और श्वसन संबंधी बीमारियों जैसे गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, इसका उद्देश्य लोगों को जागरूक कर जीवनशैली में सुधार लाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि गैर-संचारी रोगों से बचाव संभव हो सके।