अजमेर के डूमाड़ा में 6 दिन पूर्व रास्ते पर अतिक्रमण का विरोध करने पर बोलेरो चढ़ाने से घायल हुए पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर की जेएलएन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार सुबह सूचना के बाद गुर्जर समाज के लोग व ग्रामीण अस्पताल की मॉर्च्यूरी में एकत्र हुए। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर विरोध जताया। बाद में धरने पर बैठ गए। देवनारायण बोर्ड के चेयरमेन ओमप्रकाश भडाणा भी पहुंचे और कहा कि प्रशासन ने मुझे भी हल्के में लिया। ऐसे में सभी दायित्व और मर्यादा को छोड़कर लोगों के बीच में खड़ा हूं। इस दौरान धरना स्थल पर बैठे गुर्जर समाज के लोग और ग्रामीण प्रदर्शन करते हुए अस्पताल के अंदर घुस गए। ट्रॉमा वार्ड के बाद कुछ देर के लिए नारेबाजी की गई। बाद में बाहर आ गए। फिलहाल पुलिस व प्रशासन से वार्ता जारी है। बता दें कि इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। मांगलियावास थाना पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी परमेश्वर पुत्र छगनलाल गुर्जर को गिरफ्तार किया था। जिससे बोलेरो गाड़ी जब्त की थी।
