अजमेर में एक युवक को मोबाइल चोरी के शक में बेरहमी से पीटा। पांच-छह लोगों ने युवक को घेर लिया, एक ने उसका हाथ मरोड़ दिया, जबकि बाकी उसके पेट, पीठ और जांघों पर लात-घूंसे मारते रहे। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आसपास के लोग भी उसे बचाने के लिए नहीं आए। पिटाई के बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से मोबाइल नहीं मिला। घटना शनिवार शाम दरगाह के पास की है। दरगाह थाना पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पर हमला करते हुए लोग नजर आ रहे हैं। अब देखिए, घटना से जुड़ी 3 PHOTOS… पुलिस तक नहीं पहुंचा मामला दरगाह थाना प्रभारी दिनेश जीवनानी ने बताया- इस घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और मामला उनकी जानकारी में भी नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस फिलहाल सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मोबाइल नहीं मिला, फिर भी पीटा प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जयपुर से आए एक जायरीन का मोबाइल चोरी हो गया था। शक के आधार पर युवक को पकड़ लिया गया और पुलिस को सौंपने के बजाय, भीड़ ने खुद ही उसे पीटना शुरू कर दिया। दरगाह और उसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के लिए पुलिस हमेशा तैनात रहती है। इसके बावजूद मामले की पुलिस को कोई भनक तक नहीं लगी।
