कुख्यात तस्कर को पकड़ने हल्दी की सब्जी लेकर पहुंची टीम:ट्रक में सोते हुए को पकड़ा; गुजरात से देशभर में कर रहा था मादक-पदार्थों की सप्लाई – Mewar App

कुख्यात तस्कर को पकड़ने हल्दी की सब्जी लेकर पहुंची टीम:ट्रक में सोते हुए को पकड़ा; गुजरात से देशभर में कर रहा था मादक-पदार्थों की सप्लाई

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने 7 साल से फरार इनामी तस्कर को गुजरात के वापी से जलगांव के बीच रास्ते से गिरफ्तार किया है। टीम आरोपी का रिश्तेदार बनकर पहुंची थी, जिसने लोगों से कहा कि हम हल्दी की सब्जी लेकर आए है, अगर समय पर नहीं खिलाई तो खराब हो जाएगी। इसके बाद साथी ड्राइवरों ने आरोपी के ट्रक की जानकारी मिली। फिर कई किलोमीटर ट्रैक कर ट्रक में सो रहे आरोपी को बीच रास्ते से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी रुगाराम पुत्र सताराम निवासी गिड़ा निवासी बालोतरा पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित है। पुलिस के डर से वह गुजरात भाग गया था, जहां से देशभर में ट्रक से अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था। गर्लफ्रेंड ने करवाया रेप का केस, जेल हुई
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया- रुगाराम 12वीं कक्षा तक पढ़ाई में होनहार था। इस दौरान उसकी एक महिला मित्र से दोस्ती हुई। घरवालों ने आईटीआई जोधपुर भेजा, लेकिन वह महिला मित्र के खर्चें भी उठाता रहा, जब खर्चें पूरे नहीं कर पाया तो प्रेमिका ने रेप का मामला दर्ज करवा दिया। जेल में मिले बदमाश, बाहर आते ही तस्कर बना
रेप केस में रुगाराम को जेल हुई, जहां एक बदमाश ने कहा कि जेल से छूटने के बाद मेरे पास आ जाना, तेरी दुनिया ही बदल दूंगा। कहे अनुसार रुगाराम बाहर आते ही उसके पास गया और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। पूछताछ में आरोपी रुगाराम ने बताया- 4 सालों में जेल में हुई दोस्ती को निभाते हुए तस्करी के कई ट्रीप मेवाड़ से मारवाड़ तक किए। परिवार ने समझाया, फिर भी धंधा नहीं छोड़ा। अंतिम बार माल तस्करी करने के लिए चित्तौड़गढ़ से रवाना हुआ था, लेकिन डोडा-पोस्त से भरी गाड़ी पलट गई। उसमें कुरकुरे के नीचे अवैध डोडा-पोस्त भरे हुए थे। रुगाराम तो घटनास्थल से भाग गया, लेकिन गाड़ी के डैश बोर्ड में पिता सताराम का एटीएम रह गया, जिससे पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। राजस्थान से गुजरात भागा, देशभर में कर रहा था सप्लाई
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी गुजरात भाग गया और वहां से नेटवर्क बनाने लगा। पता चला कि जोधपुर में रहने वाले पिता और भाई गुजरात जाकर आरोपी से मिलते है। टीम ने निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही परिवार के लोग आरोपी से मिलने गुजरात के वापी पहुंचे, तो टीम भी पहुंच गई। टीम ने वापी पहुंचकर ट्रक ड्राइवरों से आरोपी रुगाराम के पिता सताराम के रिश्तेदार बताया। कहा कि पिता ने हल्दी की सब्जी भेजी है, खराब हो जाएगी। साथी ड्राइवरों ने ट्रक, रूट व गंतव्य स्थल का पूरा पता दिया। उसके बाद एएनटीएफ की टीम ने वापी शहर से जलगांव के रास्ते पर सैकड़ों किलोमीटर तक ट्रक का पता लगाकर पीछा किया। इसके बाद ट्रक में सो रहे रुगाराम को पकड़ लिया। आरोपी ने 7 सालों में ट्रक लेकर गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्यप्रदेश के सैकड़ों चक्कर लगाए। लेकिन गिरफ्तारी के डर के कारण राजस्थान नहीं आया। इस दौरान ट्रक की आड़ में मादक पदार्थों की सप्लाई करता रहा।