कटनी. जिले में अवैध खनिज संपदा का उत्खनन, परिवहन और भंडारण के साथ दोहन जमकर जारी है। बंद खदानों ने जमकर जिलेभर में रेत निकाली जा रही है। बॉक्साइड, लाइम स्टोन गिट्टी, मार्बल आदि का जमकर खनन हो रहा है। जिम्मेदार कई माह से कार्रवाई से परहेज कर रहे थे। अवैध खनन व परिवहन के मामले को पत्रिका ने प्रमुखता से उजागर किया, जिसके बाद जिम्मेदारों ने कार्रवाई की जहमत उठाई है। अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बुधवार को बड़वारा तहसील के विभिन्न नदी घाटों पर सघन अभियान चलाकर खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर लगाम लगाने का प्रयास किया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में जिला खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित सहित खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बसाड़ी, भदौरा, संकरीगढ़, सुड्डी सहित आसपास के घाटों पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अवैध खनन और परिवहन को आसान बनाने के लिए कई स्थानों पर अस्थायी पहुंच मार्ग तैयार किए गए थे।
