पति के रिश्तेदार की शोकसभा में आई 20 साल की विवाहिता की गीजर से निकलने वाली गैस से मौत हो गई। वह दोपहर को नहाने गई थी, काफी देर तक बाहर नहीं आई तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। कोई आवाज नहीं आने पर दरवाजा तोड़कर देखा तो वह बेहोश मिली। तुरंत अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवाहिता के 3 महीने की बेटी भी है। मामला डीडवाना-कुचामन के नावा थाना इलाके के गौरव चौक का दोपहर 3 बजे का है। पुलिस ने मॉर्च्युरी पहुंच कर मामले की जानकारी ली। अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। शोक सभा में आए थे रिश्तेदार विशाल लखन ने बताया- भाभी रौनक चौहान (20) पति अंकित चौहान (24) निवासी अजमेर की गीजर की जहरीली गैस से मौत हो गई। वे गौरव चौक पर रिश्तेदार के निधन पर शोक सभा में शामिल होने नावा आए थे। विशाल ने बताया- दोपहर में रौनक नहाने के लिए बाथरूम में गई, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकली। परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया, पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब दरवाजा खोला गया तो रौनक बेहोशी की हालत में बाथरूम में गिरी पड़ी मिली। इसके बाद तुरंत उन्हें नावा के उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बंद बाथरूम में गैस गीजर से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ है। 3 महीने की बच्ची के सिर से उठा मां साया विशाल ने बताया- रौनक की शादी 25 दिसंबर 2024 को अंकित से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उनके घर एक नन्ही बेटी का जन्म हुआ, जो अभी मात्र 3 माह की है। मासूम बच्ची के सिर से इतनी कम उम्र में मां का साया उठ गया। अगर घर में गैस गीजर है तो ये सावधानियां बरतें गीजर लगे बाथरूम में ये गलतियां न करें
