ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ महिला को लाठियों से पीटा:आधार कार्ड दिखाने के बाद भी नहीं माने लोग, बुजुर्ग महिला गंभीर घायल; पुलिस ने दो को हिरासत में लिया – Mewar App

ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ महिला को लाठियों से पीटा:आधार कार्ड दिखाने के बाद भी नहीं माने लोग, बुजुर्ग महिला गंभीर घायल; पुलिस ने दो को हिरासत में लिया

सोजत क्षेत्र में बच्चा चोर समझकर गोंद बेचने वाली मां-बेटी पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें पाली रेफर किया गया है। बगड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। सिंचायावास गांव के लोगों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ा यह घटना बगड़ी नगर थाना क्षेत्र के सिंचायावास गांव की है। जानकारी के अनुसार, सोजत के मोड भट्टा पर रहने वाली एक महिला अपनी बेटी के साथ फुलाद गांव में रह रही थी। सोमवार को वे दोनों गोंद बेचने के लिए सिंचायावास गांव गई थीं। वहां मनरेगा में काम कर रहे ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझ लिया। महिलाओं ने लाठियों से पीटा मां-बेटी ने ग्रामीणों को अपना आधार कार्ड भी दिखाया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद लोगों ने उन्हें घेर लिया और दो महिलाओं ने बुजुर्ग मां और उसकी बेटी पर लाठियों से बेरहमी से हमला किया। बुजुर्ग महिला हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन हमलावर लगातार उनके सिर और शरीर पर लाठियां बरसाते रहे। बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट बड़ी मुश्किल से दोनों मां-बेटी वहां से निकल पाईं। इस हमले में बुजुर्ग महिला के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। बालिका की स्थिति ठीक बताई जा रही है। बगड़ी पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, घटना के तीन दिन बाद भी अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच कर रही है।