चपरासी भर्ती का संशोधित रिजल्ट जारी:एक सवाल का जवाब बदला, 21 लाख अभ्यर्थियों की नई मेरिट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए 2 गुना उम्मीदवार – Mewar App

चपरासी भर्ती का संशोधित रिजल्ट जारी:एक सवाल का जवाब बदला, 21 लाख अभ्यर्थियों की नई मेरिट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए 2 गुना उम्मीदवार

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने शुक्रवार को ग्रेड फोर्थ (चपरासी) भर्ती परीक्षा का संशोधित रिजल्ट जारी कर दिया। बोर्ड ने एक सवाल के जवाब में बदलाव के बाद यह फैसला किया है। बोर्ड ने एक बार फिर 21 लाख अभ्यर्थियों की मेरिट जारी कर 2 गुना अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए शॉर्ट लिस्ट किया है। दरअसल, प्रदेश की सबसे बड़ी ग्रेड फोर्थ भर्ती परीक्षा के रिजल्ट को लेकर बीते दिनों प्रश्न संख्या 108 को लेकर विवाद सामने आया था। कर्मचारी चयन बोर्ड बोर्ड ने प्रोविजनल आंसर की में विकल्प (D) को सही माना था, लेकिन फाइनल आंसर की में बिना किसी आपत्ति के उत्तर बदलकर विकल्प (B) कर दिया गया था। इसके बाद जब अभ्यर्थियों ने इसका विरोध किया, तो तथ्यों की जांच के बाद अब बोर्ड ने फिर से विकल्प (D) को ही सही मानने का फैसला करते हुए नए सिरे से रिजल्ट जारी किया है। बोर्ड अध्यक्ष बोले-मेरिट लिस्ट रिवाइज की गई है कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने कहा- एक सवाल के जवाब में बदलाव के कारण पूरी मेरिट लिस्ट रिवाइज की गई है। इसका सबसे ज्यादा असर बॉर्डर लाइन पर खड़े अभ्यर्थियों पर पड़ेगा। ऐसे में अब संशोधित रिजल्ट के बाद मौजूदा मेरिट में जगह हासिल करने वाले दो गुना अभ्यर्थियों को जल्द डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। इससे पहले गुरुवार को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने ओएमआर शीट से जुड़ी गड़बड़ियों और विवाद के बाद बोर्ड ने चपरासी भर्ती परीक्षा में शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट को ऑनलाइन सार्वजनिक कर किया था। जिसको लेकर भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करवा रहे हैं। हालांकि रिवाइज रिजल्ट के बाद अब नए सिरे से ओएमआर शीट अपलोड होने की संभावना बढ़ गई है। बता दें कि 53 हजार 749 पदों के लिए 19 से 21 सितंबर 2025 तक आयोजित परीक्षा में 21 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे। जिन्हें अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद मेरिट के आधार पर पोस्टिंग दी जाएगी।