चित्तौड़गढ़ शहर में बुधवार की शाम मोबाइल की दुकान पर आए एक युवक की आंखों में मिर्ची डालकर किडनैप करने का मामला सामने आया है। स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने युवक को गाड़ी में डाला और गाड़ी दौड़ाते हुए भाग गए। घटना शहर के न्यू क्लॉथ मार्केट में शाम को हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी खंगालकर नाकाबंदी शुरू की। हालांकि महज डेढ़ घंटे बाद ही बदमाशों के चंगुल से युवक को छुड़ा लिया। मामले में 6 आरोपियों को डिटेन किया। इनमें भीलवाड़ा निवासी रतन माली, मनीष माली, चेतन माली, आशीष सुथार, शंभुलाल बलाई और रमेश चंद्र बलाई है। मामले की जांच की जा रही है। मोबाइल में टेंपर डलवाने दुकान आया था युवक
एडिशनल एसपी सरिता सिंह ने बताया कि बोरदा निवासी कालू माली बाजार में एक मोबाइल की दुकान पर अपने फोन में टेंपर ग्लास लगवाने आया था। शाम को एक स्कॉर्पियो गाड़ी थोड़ी दूर आकर रुकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी में छह लोग सवार थे। इनमें से दो युवक नीचे उतरे और बात करने के बहाने कालू के पास पहुंचे। कुछ ही देर में वे उसे जबरदस्ती खींचते हुए गाड़ी की ओर ले गए, जहां दो अन्य लोग पहले से मौजूद थे। बदमाशों ने युवक की आंखों में मिर्ची डाल दी और चाकू दिखाकर उसे धमकाया, फिर उसे गाड़ी में बैठाकर तेजी से वहां से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस अलर्ट हुई, 5 थानों ने की नाकाबंदी
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, एडिशनल एसपी सरिता सिंह और थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत भी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में भीलवाड़ा नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी नजर आई, जो बूंदी रोड की ओर गई थी। बस्सी, गंगरार, साडास और पारसोली थानों को अलर्ट कर सभी जगह नाकाबंदी की गई। सूचना मिली कि किडनैप हुए युवक को गंगरार की ओर ले जाया गया है। महज डेढ़ घंटे के भीतर पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी को पकड़ लिया और कालू माली को सुरक्षित छुड़वा लिया। हालांकि युवक में चाकू लगने से घायल हो गया था, जिसका इलाज करवाया गया। 6 आरोपी डिटेन
पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को डिटेन किया। उनकी पहचान भीलवाड़ा निवासी रतन माली, मनीष माली, चेतन माली, आशीष सुथार, शंभुलाल बलाई और रमेश चंद्र बलाई के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को कोतवाली थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुरानी रंजिश बनी वारदात की वजह
शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब एक महीने पहले कालू माली और मुख्य आरोपी रतन माली के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच पारिवारिक या सामाजिक रूप से पहले से रंजिश थी। मामले की जांच की जा रही है।।
