जयपुर एयरपोर्ट पर कुत्ते ने महिला यात्री को काटा:टर्मिनल-2 पर हुई घटना, दिल्ली से जयपुर पहुंची आई थीं; बाहर निकलते वक्त किया हमला – Mewar App

जयपुर एयरपोर्ट पर कुत्ते ने महिला यात्री को काटा:टर्मिनल-2 पर हुई घटना, दिल्ली से जयपुर पहुंची आई थीं; बाहर निकलते वक्त किया हमला

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर करीब 2.20 बजे टर्मिनल-2 पर एक महिला पैसेंजर पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए एयरपोर्ट से हॉस्पिटल ले जाया गया है। एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने बताया कि महिला दिल्ली से जयपुर आई थी। एयरपोर्ट के बाहर निकल रही थी। तभी अराइवल एरिया के गेट के बाहर एक कुत्ते ने महिला पर हमला किया। कुत्ते का पहले ही वैक्सीनेशन किया जा चुका था। इस वजह से खतरे की कोई बात नहीं है। हॉस्पिटल में कराया गया इलाज, बाद में छुट्टी घायल महिला को तुरंत जयपुर एयरपोर्ट मैनेजमेंट पास के प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जयपुर एयरपोर्ट पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- रविवार दोपहर करीब 2.20 बजे जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 क्षेत्र में महिला पैसेंजर मौजूद थी। जो दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट पहुंची थी। अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के पैर पर काट लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को तुरंत संभाला और एयरपोर्ट प्रशासन को सूचना दी। पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं दरअसल, यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार जयपुर एयरपोर्ट पर आवारा कुत्तों द्वारा पैसेंजर्स और आमजन पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद एयरपोर्ट परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्योंकि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार कुत्तों को पकड़ उनकी नसबंदी कर फिर से उसी स्थान पर छोड़ा जाना चाहिए। जहां से उन्हें पकड़ा गया है। हालांकि जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा एयरपोर्ट परिसर की फेंसिंग करवाई जा चुकी है। वहीं, एयरपोर्ट एरिया में मौजूद कुत्तों को पकड़ उनका टीकाकरण भी करवाया जा रहा है। लेकिन एयरपोर्ट जैसे हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की मौजूदगी को लेकर अब सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।