जयपुर एयरपोर्ट पर महिला पैसेंजर को कुत्ते ने काटा:पैर से बहने लगा खून; दिल्ली से आई थी; टर्मिनल-2 से निकलते वक्त किया हमला – Mewar App

जयपुर एयरपोर्ट पर महिला पैसेंजर को कुत्ते ने काटा:पैर से बहने लगा खून; दिल्ली से आई थी; टर्मिनल-2 से निकलते वक्त किया हमला

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर कुत्ते ने महिला पैसेंजर को काट लिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके पैर से खून बहने लगा। महिला को इलाज के लिए एयरपोर्ट से हॉस्पिटल लेकर गए। घटना रविवार दोपहर करीब 2:20 बजे की है। एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने बताया कि महिला दिल्ली से जयपुर आई थी। एयरपोर्ट से बाहर निकल रही थी। तभी अराइवल एरिया के गेट के बाहर एक कुत्ते ने महिला पर हमला किया। कुत्ते का पहले ही वैक्सीनेशन किया जा चुका था। इस वजह से खतरे की कोई बात नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 क्षेत्र में अचानक कुत्ते ने महिला पर हमला कर दिया। उसने पैर पर काट लिया। वहां मौजूद लोगों ने महिला को तुरंत संभाला और एयरपोर्ट प्रशासन को सूचना दी। घायल महिला को एयरपोर्ट मैनेजमेंट तुरंत पास के प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं जयपुर एयरपोर्ट पर कुत्ते के हमले का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार जयपुर एयरपोर्ट पर कुत्तों के पैसेंजर्स और आमजन पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद एयरपोर्ट परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार कुत्तों को पकड़ उनकी नसबंदी कर फिर से उसी स्थान पर छोड़ा जाना चाहिए, जहां से उन्हें पकड़ा गया है। जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से परिसर की फेंसिंग का काम चल रहा है। वहीं, एयरपोर्ट एरिया में मौजूद कुत्तों को पकड़ उनका टीकाकरण भी करवाया जा रहा है। हालांकि एयरपोर्ट जैसे हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।