पिकअप ने दो साल के मासूम को कुचला, मौत:पिता की दुकान के आगे खेल रहा था; शव को सब्जी के कैरेट से ढका – Mewar App

पिकअप ने दो साल के मासूम को कुचला, मौत:पिता की दुकान के आगे खेल रहा था; शव को सब्जी के कैरेट से ढका

पाली में एक पिकअप ड्राइवर ने 2 साल के मासूम को बुरी तरह से कुचल दिया। 2 साल का हिमांशु अपने पिता की दुकान के आगे खेल रहा था, तभी ये हादसा हो गया। घटना जिले के सिरियारी थाना क्षेत्र के वोपारी गांव में शनिवार सुबह 10 बजे की है। इस हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग धरने पर बैठ गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। हिमांशु की मौत के बाद लोगों ने उसके शव को सब्जी के कैरेट से ढक दिया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। हालांकि विरोध प्रदर्शन तीन घंटे तक चला। समझाइश के बाद परिजन माने और पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए। पिता की बस स्टैंड पर सब्जी की दुकान, सीने के ऊपर से निकला टायर सिरियारी थाना प्रभारी हुकम गिरीी ने बताया कि हिमांशु के पिता मोहननाथ की बस स्टैंड पर ही सब्जी की दुकान है। मोहननाथ की पत्नी भी दुकान संभालती है। दोनों पति-पत्नी सुबह अपने बच्चे को लेकर सब्जी की दुकान पर गए थे। हिमांशु पिता की दुकान के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पिकअप ड्राइवर गाड़ी को रिवर्स करने लगा। तभी हिमांशु को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद भी वह रुका नहीं और पिकअप उसके सीने के ऊपर से निकाल दी। हादसे में ड्राइवर मौके से फरार हो गया था, जिसे ​बाद में हिरासत में लिया गया।

हादसा होते ही भड़के लोग, 25 मिनट तक ढका रहा शव इधर, जैसे ही पिकअप ने हिमांशु को कुचला मौके पर लोगों भी भीड़ जमा हो गई। सीने के ऊपर से टायर निकलने के बाद हिमांशु का शरीर से काफी खून बहने लगा। इस पर वहां मौजूद लोग सब्जी का कैरेट लेकर आए और उसे ढक दिया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग मुआवजा और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और शव उठाने से मना कर दिया। करीब 25 मिनट की समझाइश के बाद परिजन माने और शव को मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया। लेकिन, मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर स्थानीय लोग परिजनों के साथ सरियारी थाने पहुंचे। यहां करीब तीन घंटे की समझाइश के बाद दोपहर करीब 1 बजे परिजन माने। इसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपा गया।