युवक की मौत के बाद प्रदर्शन करने वालों पर लाठीचार्ज:3 दिन से धरना दे रहे थे, बाप पार्टी जिलाध्यक्ष हिरासत में – Mewar App

युवक की मौत के बाद प्रदर्शन करने वालों पर लाठीचार्ज:3 दिन से धरना दे रहे थे, बाप पार्टी जिलाध्यक्ष हिरासत में

जालोर के आहोर में युवक की मौत के बाद तीन दिन से जारी प्रदर्शन में मंगलवार को भीड़ उग्र हो गई। स्थिति को संभालने के पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया। दोपहर करीब 3 बजे लोग मॉर्च्युरी से उठकर एसडीएम ऑफिस के बाहर नेशनल हाईवे 325 (सांडेराव-बाड़मेर) पर जाकर बैठ गए। प्रदर्शन में 3 जिलों (जालोर, पाली, सिरोही) से आए समाज के लोग शामिल थे। तीसरे दिन दो बार प्रशासन और लोगों के बीच बातचीत हुई, लेकिन कोई समझौता नहीं हुआ। इस दौरान भीड़ उग्र हो गई और नारेबाजी करने लगी। भीड़ के उग्र होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। साथ ही बाप पार्टी के जिलाध्यक्ष छगन लाल मीणा को हिरासत में ले लिया। लाठीचार्ज में छगन मीणा के सिर में चोट भी लगी है। एसपी शैलेंद्र सिंह इंदोलिया भी मौके पर पहुंचे। बता दें…7 फरवरी की शाम को भाद्राजून थाना क्षेत्र के गोलिया गांव में युवक अशोक कुमार मीणा (45) का शव घर में फंदे से लटका मिला था। परिजनों का कहना है कि अशोक के पांव जमीन से टिके हुए थे। उसको मारकर लटकाया गया है। सबसे पहले देखिए लाठीचार्ज के PHOTOS… सोमवार को बनी थी पोस्टमॉर्टम पर सहमति इससे पहले सोमवार को 5 दौर की बातचीत हुई थी। आखिरी बातचीत में पोस्टमॉर्टम पर सहमति बनी थी। लेकिन आज फिर लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया और पोस्टमॉर्टम नहीं होने दिया। बाप पार्टी के नेता छगन मीणा ने बताया-पोस्टमॉर्टम पर सहमति बनी थी, लेकिन हमें पुलिस पर भरोसा नहीं है। सुबह निर्णय लिया गया कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक पोस्टमॉर्टम नहीं करवाएंगे। 4 थानों का जाप्ता तैनात एडिशनल एसपी मोटाराम गोदारा, डीएसपी दशरथ सिंह, आहोर एसडीएम रोहित चौहान ने भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष छगन मीणा, गौतम ऋषि ट्रस्ट पाली और सिरोही के जिला अध्यक्ष रतनलाल से दो बार बातचीत की। ये दोनों बातचीत विफल ही। फिलहाल मौके पर नोसरा, भाद्राजून, आहोर, जालोर का अतिरिक्त पुलिस जाप्ता मौजूद है। परिजनों की मांगें ये है पूरा मामला मृतक अशोक कुमार के भाई अमृत लाल मीणा ने रिपोर्ट में बताया- कुछ समय पहले पांचोटा निवासी देवी सिंह उनके घर आया था। वह मेरे एक अन्य भाई खेताराम को गुजरात में काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। गुजरात में अवैध शराब परिवहन के दौरान देवी सिंह का वाहन पकड़ा गया। देवी सिंह मौके से फरार हो गया, जबकि मेरा भाई खेताराम गिरफ्तार हो गया, उसे पालनपुर जेल भेज दिया गया। 7 फरवरी को अशोक खेताराम को जेल से छुड़वाने को लेकर देवी सिंह से मिलने पांचोटा गांव गया था। इस दौरान देवी सिंह ने अशोक के साथ गाली-गलौच और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। देवी सिंह फोन पर भी अशोक को धमकियां दे रहा था। उसी दिन शाम को अशोक का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। मेरी बहन बबी कुमारी जब घर लौटी तो यह देखकर घबरा गई और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बबी कुमारी ने पुलिस को बताया- घटना से कुछ समय पहले उसने चार लोगों को बाइक पर जाते हुए देखा था। जिनमें से एक देवी सिंह था। परिजनों का आरोप है कि देवी सिंह और उसके साथियों ने अशोक की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। मामले से जुड़ी यह खबर पढ़ें हत्या के आरोप मामले में पोस्टमॉर्टम पर सहमति बनी:स्टेट हाईवे से हटाने के बाद SDM ऑफिस का किया था घेराव, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग आहोर के भाद्राजून थाना क्षेत्र के गोलिया गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में 5 वीं बार हुई वार्ता में पोस्टमॉर्टम की सहमति बन गई। शाम हो जाने के कारण मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। इसस पहले परिजन और मीणा समाज के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। लोगों ने इसको लेकर हाईवे 325 जाम कर दिया।(यहां पढ़ें पूरी खबर)