राजस्थान में पाकिस्तान बॉर्डर के पास जैसलमेर के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय वायुसेना के युद्धाभ्यास ‘वायु शक्ति- 2026’ की फुल ड्रेस रिहर्सल हो रही है। सबसे पहले सुखोई MKI 30 ने दुश्मन के रनवे और ठिकानों को तबाह किया। आसमान में दो जगुआर ने सुदर्शन फॉर्मेशन दिखाकर टारगेट एरिया को अप्रोच किया। इस दौरान पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में ऑपरेशन सिंदूर की सर्जिकल स्ट्राइक को समझाया गया। इसमें बताया कि 73 फाइटर जेट देशभर के 8 एयरबेस से उड़ेंगे और जैसलमेर के चांधन रेंज में अपने टारगेट को निशाना बनाएंगे। इस युद्धाभ्यास में वायुसेना के 100 से ज्यादा फाइटर जेट, हेलिकॉप्टर और ट्रांसपोर्ट विमान शामिल हो रहे हैं। यह पहला मौका है जब ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट C-295 की पहली बार नाइट असॉल्ट लैंडिंग होगी। अंधेरे में भी सटीक प्रहार करने की क्षमता को परखा जाएगा। इस प्रैक्टिस में C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान भी शामिल होंगे। ये विमान भारतीय वायुसेना के विशेष दस्ते ‘गरुड़ कमांडो’ को सीधे वॉर-जोन में उतारेंगे। भारतीय वायुसेना के पास अभी 12 से अधिक C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान हैं। इसके साथ ही दुश्मन पर बाज की तरह झपटने वाला मानव रहित ड्रोन भी नजर आएगा। मुख्य आयोजन 27 फरवरी को होगा। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। देखिए, वायु शक्ति-2026 युद्धाभ्यास की PHOTOS… … पल-पल की अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए…
