सुरेंद्रनगर जिले में ट्रक की टक्कर से 7 पदयात्रियों की मौत, 3 गंभीर - Mewar App

सुरेंद्रनगर जिले में ट्रक की टक्कर से 7 पदयात्रियों की मौत, 3 गंभीर

राजकोट. सुरेंद्रनगर जिले में लखतर-विरमगाम हाईवे पर भास्करपरा गांव के पास रविवार मध्यरात्रि बाद करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 7 पदयात्रियों की मौत हो गई जिनमें 5 महिलाएं शामिल हैं। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य के अलावा डंपर चालक भी शामिल है।दसाडा के विधायक परषोत्तम परमार ने बताया कि राजकोट के भावनगर हाईवे पर स्थित गढ़का गांव से भरवाड़ समाज सहित करीब 500 पैदल यात्री मेहसाणा जिले में बहुचराजी के मेरा गांव स्थित तटेश्वर महादेव मंदिर जा रहे थे। रविवार मध्यरात्रि बाद करीब डेढ़ बजे ये लोग भास्करपरा गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने पदयात्रियों को टक्कर मार दी। यह पदयात्री विरमगाम में राजबाई माता की ध्वजा चढ़ाकर मेरा गांव स्थित महादेव मंदिर में कथा के लिए जा रहे थे।मृतकों के एक परिजन वनराज मुंधवा ने बताया कि इस हादसे में उनके बड़े ताऊ, ताई, बुआ और भाभी समेत 4 सदस्यों की मौत हो गई। ये सभी रविवार दोपहर बाद 3 बजे घर से निकले थे। घटना के बाद परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, पदयात्री सुरेंद्रनगर जिले की लखतर तहसील के छारद गांव होते हुए विठ्ठलगढ़ की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान भास्करपरा गांव के पास सड़क पर एक डंपर का टायर पंचर हो गया, उसका चालक टायर बदल रहा था। पैदल यात्री खड़े डंपर के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने पदयात्रियों और टायर बदल रहे चालक को कुचल दिया।