सैटेलाइट से मिसमैच हुआ डाटा, 28 हजार से अधिक किसानों का फिर से कराया जा रहा सत्यापन - Mewar App

सैटेलाइट से मिसमैच हुआ डाटा, 28 हजार से अधिक किसानों का फिर से कराया जा रहा सत्यापन

कटनी। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना, मसूर और सरसों बेचने के लिए 54 हजार 28 किसानों ने पंजीयन कराया है। इनमें सबसे अधिक 52 हजार 991 किसान गेहूं विक्रय के लिए पंजीकृत हैं। हालांकि एक अप्रेल से शुरू होने वाली खरीदी बारदाना की कमी के चलते अब 15 अप्रेल से प्रारंभ की जाएगी, जिससे किसानों को इंतजार करना पड़ रहा है।खरीदी से पहले सबसे बड़ी चुनौती पंजीकृत किसानों का क्रॉस सत्यापन बना हुआ है। जिले में 28 हजार 394 किसानों का पुन: सत्यापन किया जाना है, लेकिन अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। ई-सत्यापन पोर्टल पर सैटेलाइट से प्राप्त फोटो और राजस्व विभाग के सर्वे डाटा में अंतर सामने आया है, जिसके कारण दोबारा सत्यापन कराया जा रहा है। अब तक 16 हजार 672 किसानों का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि 11 हजार 356 किसानों का सत्यापन शेष है। यह प्रक्रिया तहसीलदार लॉगिन के माध्यम से की जा रही है।