सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे युवक, उसके चाचा और बहन के ससुर को काले रंग की स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। बेकाबू SUV इतनी तेज रफ्तार में थी कि टक्कर लगते ही तीनों उछलकर पास के खेत में जा गिरे, बाइक बुरी तरह डैमेज हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो भी सड़क किनारे जाकर रुक गई। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण तीनों को बचाने दौड़े तो स्कॉर्पियो सवार मौके का फायदा उठा कर SUV छोड़ भाग निकला। हादसे में युवक और उसकी बहन के ससुर की मौत हो गई, जबकि चाचा का इलाज जारी है। मामला बाड़मेर के गुड़ामालानी थाना इलाके के बांटा-गुड़ामालानी रोड दोपहर 2:30 बजे की है। गुड़ामालानी सीआई सुरेंद्र कुमार ने बताया- घटना में भंवरलाल (33) निवासी पलियाली, उसके चाचा देवाराम और उसके छोटी बहन के ससुर ईशराम (55) पुत्र रूडाराम निवासी रामपुरा तहसील चितलवाना जिला जालोर को स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। इसमें भंवरलाल और ईशराम की मौत हो गई। जबकि देवाराम का इलाज चल रहा है। बहन के ससुर को बस स्टैंड छोड़ने गया था रिपोर्ट भंवरलाल के भाई हंसाराम ने दी है। इसमें बताया- मेरा भाई भंवरलाल (33) छोटी बहन के ससुर ईशराम (55) को गुड़ामालानी बस स्टैंड पर छोड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में रामदेव जी मंदिर के पास चाचा देवाराम गुड़ामालानी से आ रहे थे। तीनों मंदिर के पास खड़े होकर बात करने लगे। रॉन्ग साइड से आई बेकाबू स्कॉर्पियो रिपोर्ट में बताया- तभी रॉग साइड से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो ने तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों तारबंदी से उछलकर खेत में गिर गए। आसपास के लोगों ने भंवरलाल, ईशराम और देवाराम को उठाकर एम्बुलेंस से मालाणी हॉस्पिटल गुड़ामालनी लेकर गए। वहां पर डॉक्टरों ने भंवरलाल को मृत घोषित कर दिया। ईशराम व देवाराम को सांचौर रेफर कर दिया। वहां ईशराम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। देवाराम का फिलहाल इलाज चल रहा है। जागरण पर इकट्ठा हुआ था परिवार जानकारी के अनुसार भंवराराम के एक बेटा और एक बेटी है। पूरे परिवार की जिम्मेदारी भंवरलाल पर थी। वह हैदराबाद में मजदूरी करता था। घर पर जागरण था, इसलिए 26 जनवरी को अपने गांव गुड़ामालनी आया था। ईशराम भी इसी कार्यक्रम में आए थे।
