स्वर्णनगरी की चमक पर गंदगी का दाग, सैलानी जता रहे नाराजगी, ऐतिहासिक स्थलों के आसपास कचरे के ढेर - Mewar App

स्वर्णनगरी की चमक पर गंदगी का दाग, सैलानी जता रहे नाराजगी, ऐतिहासिक स्थलों के आसपास कचरे के ढेर

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी जैसलमेर की पहचान उसकी स्वर्णिम आभा, भव्य हवेलियों और ऐतिहासिक धरोहरों से है, लेकिन इन दिनों शहर की लचर सफाई व्यवस्था ने इस चमक पर गहरा दाग लगा दिया है। देश-विदेश से भ्रमण पर आने वाले सैलानी यहां की गंदगी देखकर निराश नजर आ रहे हैं। पर्यटन सीजन के बावजूद शहर के प्रमुख स्थलों और बाजारों में जगह-जगह फैला कचरा प्रशासनिक दावों की पोल खोल रहा है। विश्व धरोहर की सूची में शामिल जैसलमेर दुर्ग के आसपास सहित अन्य प्रमुख स्थलों की गलियों में प्लास्टिक, बोतलें और खाद्य सामग्री के अवशेष खुलेआम पड़े दिखाई देते हैं। सुबह-शाम सफाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन दिन भर हालात जस के तस नजर आते हैं।