10वीं का पेपर देकर लौटी छात्रा ने किया सुसाइड:कमरे में चुन्नी से फंदा लगाया, पिछले साल हो गई थी फेल – Mewar App

10वीं का पेपर देकर लौटी छात्रा ने किया सुसाइड:कमरे में चुन्नी से फंदा लगाया, पिछले साल हो गई थी फेल

अंता में गुरुवार को 10वीं की छात्रा ने कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। वह गुरुवार को 10वीं अंग्रेजी का पेपर देकर घर लौटी थी। पुलिस प्रारंभिक तौर पर परीक्षा के तनाव में सुसाइड करना मान रही है। 10वीं अंग्रेजी का पेपर देकर लौटी थी अंता सब इंस्पेक्टर मांगी लाल सुमन ने बताया- बिहार निवासी छात्रा का गुरुवार को अंग्रेजी का पेपर था। वह पेपर देकर 2.30 बजे के करीब घर लौटी और कमरे की कुंडी लगा ली। शाम 4 बजे उसकी मां चाय लेकर गई और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने मशक्कत के बाद दरवाजा खोला। अंदर छात्रा चुन्नी के फंदे से फंखे से लटकी हुई मिली। उसे तुरंत एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिछले वर्ष 10वीं फेल हुई थी छात्रा एसआई ने बताया- छात्रा पिछले वर्ष भी दसवीं कक्षा में फेल हो गई थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा के तनाव के कारण ही उसने यह कदम उठाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने अंता में ही अंतिम संस्कार कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्रा के पिता CISF जवान है। वर्ष 2021 से वे अंता में अपने क्वार्टर में रह रहे थे।