20 फीट गहरे गड्ढे में दबे युवक, 2 की मौत:पानी का कनेक्शन करने उतरे थे; ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर 2 को बचाया; 2 ने दम तोड़ा – Mewar App

20 फीट गहरे गड्ढे में दबे युवक, 2 की मौत:पानी का कनेक्शन करने उतरे थे; ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर 2 को बचाया; 2 ने दम तोड़ा

ट्यूबवेल से कुएं में पानी का कनेक्शन करने के बाद गड्ढे में खड़े युवकों पर मिट्टी ढह गई। अचानक हादसे में चार युवक इसमें दब गए। चीख पुकार मची तो आसपास मौजूद लोग फावड़ा लेकर उन्हें बचाने दौड़े। किसी ने मिट्टी हाथों से खोदी तो कोई फावड़े से खोदने लगा। इसके बाद 2 लोगों को बचा लिया गया। जबकि 2 इसी में 15 फीट की गहराई में दबे रह गए। घटना पाली के चंडावल थाना क्षेत्र के चंडावल से केरिया बेरा रास्ते पर बावरियों की ढाणी की मंगलवार सुबह 11 बजे की है। जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को सोजत सिटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले में सीओ सोजत सिटी रतनाराम देवासी ने बताया कि इस हादसे में महेन्द्र कुमार (34) पुत्र सम्पतराम बावरी और लक्ष्मण (26) पुत्र बालूराम बावरी की मौत हो गई। उनकी बॉडी मॉर्च्युरी में रखवाई गई है। वहीं जवरीलाल (26) पुत्र सम्पतलाल बावरी और मनोहर (42) पुत्र सम्पतलाल बावरी घायल हो गया। जिनका सोजत हॉस्पिटल में उपचार जारी है। देखें हादसे की 2 तस्वीरें… पाइप लाइन का कनेक्शन कर रहे थे जानकारी के अनुसार, बावरियों की ढाणी में मंगलवार को महेंद्र, लक्ष्मण, जवरीलाल और मनोहर ट्यूबवेल से कुएं की तरफ गड्ढा खोदकर पाइप लाइन का कनेक्शन जोड़ रहे थे। इस दौरान अचानक कुएं की मिट्टी ढह गई। जिससे चारों कुएं में मिट्टी के नीचे दब गए। शोर मचा तो ढाणी के लोगों उन्हें बचाने दौड़े। लोगों ने फावड़ा लेकर मिट्टी हटानी शुरू की तो किसी ने हाथों से मिट्टी खोदनी शुरू की। इस दौरान कड़ी मशक्कत के बाद जवरीलाल और मनोहर को बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सोजत सिटी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहीं महेंद्र और लक्ष्मण कुएं में करीब 20 फीट की गहराई तक मिट्टी में दब गए थे। उनका समय पर रेस्क्यू नहीं हो पाया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। बीच की खाई में खड़े थे इतने में मिट्टी ढही प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां बने ट्यूबवेल से करीब 300 फीट की दूरी पर एक खुला कुआं है। जिसका जलस्तर बढ़ाने के लिए इन्होंने ट्यूबवेल से कुएं तक पाइप लाइन छोड़ने के लिए करीब 20 फीट गहरी खाई खोदी। इसे वे कुएं तक ले जाना चाहते थे। ट्यूबवेल से पाइप लाइन में कनेक्शन भी कर दिया था। इसके बाद चारों ट्यूबवेल और कुएं के बीच की खाई में खड़े थे। इसी दौरान मिट्टी ढह गई। इनपुट: उगमराज चौहान, चंडावल