झुंझुनूं में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में 6.50 करोड़ रुपए के गोल्ड लोन घोटाले के मुख्य आरोपी बैंक मैनेजर अमित जांगिड़ को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। बैंक मैनेजर को उत्तर प्रदेश के मथुरा रेलवे स्टेशन के बाहर से पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे काबू कर लिया। मामला नवलगढ़ ब्रांच में 3 फरवरी को सामने आया था। मामले में तत्कालीन बैंक मैनेजर अमित जांगिड़, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट संतोष कुमार सैनी और डिप्टी मैनेजर अनंतप्रकाश चौधरी के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन में गठित की थीं। बीसी संचालक भी गिरफ्तार पुलिस ने बीसी (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट) संचालक संतोष सैनी को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अमित जांगिड़ और संतोष सैनी की मिलीभगत से ही इस फ्रॉड को अंजाम दिया गया। पुलिस मथुरा से गिरफ्तार किए गए आरोपी अमित जांगिड़ को नवलगढ़ ला रही है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी की पत्नी ने दी थी गुमशुदगी की रिपोर्ट अमित जांगिड़ गुढ़ागौड़जी थानाक्षेत्र का रहने वाला है। मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस दौरान 5 फरवरी को अमित की पत्नी ने गुढ़ागौड़जी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। ऐसे हुआ था मामले का खुलासा वर्तमान बैंक मैनेजर मुकेश सिहाग ने रिपोर्ट में बताया था कि बैंक में गोल्ड लोन के बदले जमा किए गए सोने को गोल्ड सेफ में रखा गया है। 28 जनवरी को गोल्ड सेफ का चार्ज डिप्टी मैनेजर सीमा महला को सौंपा जा रहा था। इससे पहले स्ट्रॉन्ग रूम की दो चाबियां तत्कालीन बैंक मैनेजर अमित कुमार और डिप्टी मैनेजर अनंतप्रकाश चौधरी के पास थीं। चार्ज ट्रांसफर के दौरान जांच में सेफ में रखे सोने की ज्वेलरी के पैकेट के साथ छेड़छाड़ का पता चला। बैंक प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच शुरू की तो इसका खुलासा हुआ। असली की जगह नकली ज्वेलरी रखी 73 गोल्ड पैकेट में से असली ज्वेलरी निकालकर नकली रख दिए गए थे। इसके अलावा तीन पैकेट में रखी ज्वेलरी का वजन भी कम मिला है। बैंक की प्रारंभिक जांच में लगभग 4.198 किलोग्राम सोने के आभूषण नहीं थे, जिनकी अनुमानित कीमत 6.50 करोड़ रुपए है।
मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें राजस्थान में बैंक से 6.50 करोड़ रुपए का सोना गायब:73 पैकेट में असली गोल्ड की जगह नकली रखा, तत्कालीन मैनेजर समेत 3 पर केस
झुंझुनूं में पंजाब नेशनल बैंक से 4.198 किलो सोने की ज्वेलरी गायब हो गई। गोल्ड सेफ की जिम्मेदारी बैंक में दूसरे कर्मचारी को सौंपने के दौरान हुई जांच के दौरान मामले का खुलासा हुआ। मामला पीएनबी की नवलगढ़ ब्रांच का है। रविवार को बैंक मैनेजर ने तत्कालीन बैंक मैनेजर, बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट और डिप्टी मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कराया है। ( पूरी खबर यहां पढ़ें) यह भी पढ़ें नवलगढ़ PNB में 6.5 करोड़ का गोल्ड घोटाला मामला:ग्राहक बैंक पहुंचे, एजीएम ने पूरा क्लेम देने का आश्वासन दिया नवलगढ़ के नानसा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा में करीब साढ़े छह करोड़ रुपए मूल्य का सोना गायब होने का मामला सामने आने के बाद ग्राहक अपने गहनों की मांग को लेकर बैंक पहुंच रहे हैं। बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार सिहाग ने इस मामले में तत्कालीन मैनेजर अमित कुमार, डिप्टी मैनेजर अनंत प्रकाश और बीसी संचालक संतोष सैनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)
