राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) योजना में गड़बड़ी के मामलों में रविवार को 8 पैरामेडिकल स्टाफ को निलंबित कर दिया है। इससे 2 दिन पहले भी विभाग ने इसी तरह के मामले में सीकर के 7 डॉक्टरों को निलंबित किया था। प्राथमिक जांच में पाया गया कि इन 8 कर्मचारियों ने आरजीएचएस योजना के तहत उपलब्ध सुविधाओं, कार्ड और सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया। यह कृत्य सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है। इसे देखते हुए इन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन पर किया एक्शन इस कार्रवाई में आर.बी.एम. हॉस्पिटल भरतपुर के नर्सिंग ऑफिसर सौरभ कुमार रावत, उप स्वास्थ्य केन्द्र खुडासा भरतपुर की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता मीना कुमारी चौधरी, उप स्वास्थ्य केन्द्र कुचावटी डीग की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता किशन देई, जिला हॉस्पिटल बयाना का नर्सिंग ऑफिसर सत्यप्रकाश छावड़ी, उप स्वास्थ्य केन्द्र नगला माय, भरतपुर की सीनियर नर्सिंग ऑफिसर मंजू कुमारी, उप स्वास्थ्य केन्द्र हनुमानपुरा जिला फलोदी की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता तुलसी देवी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उच्चैन (भरतपुर) की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता अनुपमा और आर.बी.एम. हॉस्पिटल भरतपुर का नर्सिंग ऑफिसर सुरेश चंद गुप्ता को निलंबित किया है।
