उदयपुर संभाग में 'घूमर महोत्सव 2025' की तैयारी शुरू - Mewar App

उदयपुर संभाग में ‘घूमर महोत्सव 2025’ की तैयारी शुरू

उदयपुर। राजस्थान की लोक-संस्कृति, नारी-सशक्तिकरण और जनभागीदारी के प्रतीक ‘घूमर महोत्सव 2025’ की तैयारियाँ उदयपुर संभाग में जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की पहल पर राज्य सरकार द्वारा यह महोत्सव 19 नवम्बर (शनिवार) को सातों संभागीय मुख्यालयों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजस्थान की नृत्य परंपरा ‘घूमर’ को नई रंगत और ऊर्जा के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।शुक्रवार को पर्यटन विभाग, उदयपुर में संयुक्त निदेशक सुमिता सरोच की अध्यक्षता में महोत्सव को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मीरा, नारी चेतना संस्थान, सीएआईटी, जीतो, सकल जैन समाज महिला विंग, चक्र साधना ज्योतिष केंद्र, कथक आश्रम, विरासत फोक डांस शो, मानसी संस्थान, जैन सोशल ग्रुप संगिनी अरहम, अजब सेवा संस्थान, वोमेन बिज़नेस सर्किल, मीरा प्रकाश वर्मा फाउंडेशन सहित शहर की अनेक संस्थाओं और महिला समूहों ने सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। इन संस्थाओं की ओर से रेखा सोनी, शुष्मा कुमावत, विजयलक्ष्मी गलुडिया, विद्या वर्मा, चंद्रकला चौधरी, महेश अमेटा, रश्मि पगारिया, नवनीत छाबड़ा, शीतल गुप्ता, आचार्य अणिमा गोस्वामी और लव वर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर ‘घूमर महोत्सव 2025’ का पोस्टर विमोचन भी किया गया। संयुक्त निदेशक सुमिता सरोच ने बताया कि उदयपुर संभाग में 12 नवम्बर से प्रशिक्षण कार्यशालाएँ शुरू होंगी। महोत्सव का उद्देश्य घूमर नृत्य की मौलिक भावना से नई पीढ़ी को परिचित कराना और महिलाओं को अपनी सांस्कृक्तिक जड़ों से जोड़ना है। 12 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाएँ, युवतियाँ भाग ले सकेंगी।

Extra Image: