उदयपुर को मिला देश का सर्वोच्च शहरी परिवहन सम्मान - Mewar App

उदयपुर को मिला देश का सर्वोच्च शहरी परिवहन सम्मान

उदयपुर। अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2025 में उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को “City with the Best Non-Motorized Transport System” श्रेणी में Award of Excellence in Urban Transport से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में प्रदान किया गया। राजस्थान सरकार की ओर से इसे नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने ग्रहण किया, जिन्होंने इसे पूरे विभाग और टीम को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान सतत, हरित और जनमित्र शहरी विकास की पहचान है।

स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत उदयपुर ने शहरी परिवहन को पर्यावरण-अनुकूल और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। फतहसागर झील, हिरण मगरी और बलिचा स्मार्ट रोड जैसे क्षेत्रों में 14.5 किलोमीटर लंबे साइक्लिंग ट्रैक्स, शहरभर में डॉकिंग यार्ड्स और 400 सार्वजनिक साइकिलों की सुविधा ने उदयपुर को देश के अग्रणी हरित शहरों में स्थान दिलाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह उपलब्धि नीतिगत दूरदृष्टि और नवाचार-आधारित विकास दृष्टिकोण का परिणाम है।

आज उदयपुर केवल एक पर्यटन नगरी नहीं, बल्कि “स्मार्ट विज़न, स्वच्छ परिवेश और सतत विकास” का प्रेरणादायी उदाहरण बन चुका है। यह सफलता हर उस नागरिक की है जो एक हरित, संगठित और विकसित राजस्थान के निर्माण में अपनी भूमिका निभा रहा है। यह सिद्ध करता है कि जब नीयत स्पष्ट हो और लक्ष्य विकास का हो, तो परिवर्तन अवश्यम्भावी होता है।

Extra Image: