उदयपुर। जिले के कुराबड़ क्षेत्र में अपने गांव लौट रहे एक युवक पर पैंथर ने हमला कर दिया। युवक घर से करीब 500 मीटर पहले पहुंचा ही था कि झाड़ियों में छिपे पैंथर ने उस पर झपट्टा मार दिया। घायल युवक को राहगीरों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से उसे उदयपुर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार भगवती लाल नागदा निवासी मेतारेट अपनी बाइक से शहर से गांव जा रहा था। दांतीसर-बुथेल मार्ग पर चारागाह भूमि के पास पैंथर ने हमला किया, जिससे उसके पैर में खरोंच आ गई। शोर सुनकर पैंथर झाड़ियों में भाग गया और युवक की जान बच गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी रामनारायण डांगी टीम सहित मौके पर पहुंचे। पगमार्क और अन्य संकेतों से पैंथर की मौजूदगी की पुष्टि हुई। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात में अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पिंजरे लगाकर पैंथर को पकड़ने की मांग की है।
कुराबड़ क्षेत्र में पैंथर का हमला, युवक घायल
Extra Image:
Missing Attachment
