उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक और सेहर द्वारा आयोजित वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल 2026 में देश विदेश के जाने माने बॉलीवुड के सिंगर कैलाश खैर, अमित त्रिवेदी और जानी मानी इंडिपेंडेंट पॉप सिंगर जोनिता गांधी, लोक गीत के ताबा चाके सहित, क्लासिकल सिंगर अमृत नाथ मुख्य आकर्षण होंगे।
उल्लेखनीय है कि वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल ‘म्यूजिक विदाउट बॉर्डर्स’ के दस वर्ष पूरे कर फरवरी माह में एक बार फिर से जिंक सिटी उदयपुर को अतंर्राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहा है। हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से सेहर, राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के द्वारा आयोजित होने वाला यह फेस्टिवल 6 से 8 फरवरी तक उदयपुर में होगा, जो दर्शकों का संगीत और संस्कृति अभूतपूर्व उत्सव में सम्मिलित होने का मौका देगा।
तीन दिवसीय उत्सव में 20 बैंड और कलाकार शामिल होंगे, जो लोक और स्वदेशी परंपराओं से लेकर समकालीन, पॉप और ग्लोबल फ्यूजन तक की शैलियों की प्रस्तुति से दर्शकों को विशेष संगीत और संस्कृति से रूबरू कराएगें।
फेस्टिवल की ग्लोबल पहचान को बढ़ाते हुए सेलीन सुम्बुलटेपे (तुर्की) और कैले माम्बो (चिली) जो मॉडर्न बीट्स के साथ रिच और जोशीले लैटिन रिदम लाएंगे, वैलेरी एकौमे (कैमरून) एफ्रो-पॉप और एफ्रो-रॉक सहित यह फेस्टिवल दर्शकों को विश्व संगीत से परिचित कराएगा। इंटरनेशनल कलाकार अल्जीरिया की मशहूर आवाज सोफियान सैदी, लुसिबेला (केप वर्डे), 9 ग्रेडर नॉर्ड (नॉर्वे), वोलोसी (पोलैंड), और फ्लेमेंको ड्रीम (स्पेन) शामिल हैं, जो एक अनोखी पिता-पुत्र की जोड़ी है जिनके परफॉर्मेंस पीढ़ियों तक म्यूजिकल विरासत के आगे बढ़ा रहे हैं।
