नरवाई प्रबंधन के दावे फेल: हर दिन लग रही आग से हो रहे बड़े नुकसान - Mewar App

नरवाई प्रबंधन के दावे फेल: हर दिन लग रही आग से हो रहे बड़े नुकसान

बीना. क्षेत्र में इस वर्ष नरवाई प्रबंधन को लेकर प्रशासन के तमाम दावे जमीनी हकीकत में कमजोर साबित हो रहे हैं। गेहूं कटाई से पहले किसानों को जागरूक करने और आधुनिक यंत्रों के उपयोग की सलाह दी गई थी, लेकिन महंगे उपकरणों के कारण अधिकांश किसान इन्हें अपना नहीं सके। नतीजतन खेतों में नरवाई जलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।क्षेत्र में जिन खेतों में गेहूं की बोवनी हुई थी, उनमें खड़ी नरवाई जलाई जा रही है या फिर अज्ञात कारणों से आग लग रही है। नरवाई की आग के कारण क्षेत्र में बड़े नुकसान भी हो चुके हैं। कहीं घर जलकर खाक हो गए, तो कहीं लोगों के कृषि यंत्र जल गए हैं। कई जगहों पर शॉर्ट सर्किट से भी नरवाई में आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं। गौरतलब है कि शुरूआत में ही जागरूक किसान सौरभ आचवल ने सीएम, कृषि मंत्री और कलेक्टर से मांग की थी कि पराली प्रबंधन के लिए कारगर यंत्र, जो अन्य यंत्रों से सस्ते हैं, उनपर अनुदान दिया जाए। क्योंकि महंगे यंत्र जो किसान अनुदान पर भी नहीं ले पा रहे हैं, उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है। सस्ते संसाधन उपलब्ध होने पर ही इस समस्या को हल किया जा सकता है।