अंबिकापुर। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम होते ही सरगुजा संभाग में एक बार फिर भीषण गर्मी पडऩी शुरू हो गई है। दो दिनों से तापमान (Ambikaput Weather Report) में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। मंगलवार का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री दर्ज किया गया है। तेज धूप व लू की थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सुबह दस बजे के बाद से घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर में शहर के चौक-चौराहों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान बढक़र 42 से 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
