ऊर्जा मंत्री ने दिलावर से कहा-पूरे कुएं में भांग घुली:अफसरों को फटकारा, बोले- तुमने जितनी इंजीनियरिंग की, उससे ज्यादा मैंने रोड बनवाए - Mewar App

ऊर्जा मंत्री ने दिलावर से कहा-पूरे कुएं में भांग घुली:अफसरों को फटकारा, बोले- तुमने जितनी इंजीनियरिंग की, उससे ज्यादा मैंने रोड बनवाए

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सड़कों की खराब स्थिति पर अफसरों को फटकार लगाई। उन्होंने इंजीनियर्स से कहा- तुमने जितनी इंजीनियरिंग की, उससे ज्यादा रोड मैंने बनवा दिए। वहीं मंत्री नागर ने शिक्षा और पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर से कहा कि जितनी भी जगह जा रहे हैं, पूरे कुएं में भांग घुल रही है। स्थिति बहुत ज्यादा खराब है। कोई भी विभाग बचा हुआ नहीं है। नागर और दिलावर बुधवार को कोटा की लाडपुरा पंचायत समिति में जिला परिषद की बैठक में शामिल हुए। मंत्री ने क्षेत्र में नई बनी डामर रोड के जल्द टूटने पर ठेकेदार से पूरी राशि रिकवर करने और सड़क खुदवाकर दोबारा बनवाने के आदेश भी दिए। दिलावर बोले- इंजीनियर की देखरेख में निर्माण तो क्वालिटी हल्की कैसे
बैठक में मंत्री नागर की बात पर दिलावर ने कहा- मंत्री हीरालाल नागर सही बात कह रहे हैं। इंजीनियर की देखरेख में निर्माण कार्य होता है तो उसकी हल्की क्वालिटी कैसे हो जाती है? इसका जवाब कौन देगा? यहां कौन पीडब्ल्यूडी का सबसे बड़ा अधिकारी है? इस पर इंजीनियर ने भुगतान रोकने की बात कही। दिलावर ने पूछा- ठेकेदार का कितना भुगतान रोका? जवाब मिला- 10 प्रतिशत भुगतान रोक देते हैं। तब दिलावर ने कहा- क्या बेवकूफ बना रहे हो, 10 प्रतिशत क्या होता है? जब 100 प्रतिशत खराब कर दिया तो 10 प्रतिशत रोक कर क्या करोगे? क्या 10 प्रतिशत में रोड बन जाएगा? इतने में मंत्री नागर ने पूछा कि रोड गंजा कैसे हो गया? इंजीनियर के जवाब देने पर नागर ने कहा- तुमने जितनी इंजीनियरिंग की होगी न, उससे कहीं ज्यादा रोड मैंने बनवा दिए। समझ में आ गया? ठेकेदार से पूरी राशि रिकवर करने और सड़क दोबारा बनवाने को कहा
यही नहीं, विकास कार्यों में गुणवत्ता की कमी और जिम्मेदार अधिकारियों के बैठक में मौजूद नहीं होने पर दोनों मंत्रियों ने फटकार लगाई। बैठक में मोई, बपावर क्षेत्र में एक ही जगह के दो पट्टे बनाने और फर्जी पट्टे के मामले में आवेदनकर्ता, पूर्व सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। लाडपुरा पंचायत समिति के मंडाना क्षेत्र में सीसी रोड के गारंटी पीरियड में क्षतिग्रस्त होने, सुल्तानपुर पंचायत समिति के सनीजा बावड़ी से बड़ोद पुलिया तक डामर रोड के समय से पहले खराब होने पर ठेकेदार से पूरी रिकवरी करने व सड़क को खुदवा कर दोबारा बनवाने के आदेश दिए। गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
मंत्री हीरालाल नागर ने ग्रामीण क्षेत्रों में करवाए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता की कमी को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी जताई। मंत्री ने मॉनिटरिंग के आदेश दिए। जिला परिषद में खाली पदों को जल्द भरने के निर्देश भी दिए। मदन दिलावर ने कहा कि कई जगह पर सड़क निर्माण और फर्जी पट्टे के मामले सामने आए हैं। इस पर कार्रवाई के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा- ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। बरसात से खराब फसल पर किसानों को मुआवजे के निर्देश
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि पिछले दिनों हुई बरसात से जिले में किसानों को काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में कृषि अधिकारियों को सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मामले में कलेक्टर से बात करेंगे। किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा राशि दिलाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में जिला परिषद के कांग्रेस सदस्य काली पट्टी बांधकर पहुंचे। जिला प्रमुख, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर बजट आवंटन और भेदभाव का आरोप लगाया।