राजगढ़(अलवर). पुराना राजगढ़ गांव में पारिवारिक कलह के चलते एक महिला ने अपनी चार साल की बेटी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में अपने दोनों हाथों की नसें काट कर आत्महत्या का प्रयास किया। आरोपी महिला को अलवर रेफर किया गया है, जहां वह पूरी तरह होश में है और बातचीत कर रही है। शुक्रवार शाम को वह बेड पर बैठी रही तथा ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ से बार-बार डिस्चार्ज करने की गुजारिश करती रही।राजगढ़ थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि पुराना राजगढ़ गांव में संतोष सैनी की पत्नी शीला (35) अपनी बेटी गरिमा (4) और पुत्र यश (6) के साथ कमरे में सो रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे संतोष के बड़े भाई सूरज ने बच्चों को स्कूल जाने के लिए आवाज लगाई। काफी देर बाद शीला ने दरवाजा खोला, तो शीला के दोनों हाथों से खून बह रहा था। गरिमा के गले पर रस्सी के निशान थे। सूरज अपनी पत्नी रेखा की मदद से गरिमा को राजगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने गरिमा को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में आरोपी महिला के जेठ सूरज सैनी पुत्र पप्पू उर्फ रामफूल सैनी ने राजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक कलह का है। आरोपी महिला के बयान दर्ज होने के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आ सकेगी।
