चित्तौड़गढ़ शहर में बीती रातों में हुई चोरी की वारदातों का आखिरकार खुलासा हो गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने नकबजनी करने वाली एक शातिर गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में यूज किए गए टेंपो को भी जब्त किया है। पकड़े गए आरोपियों ने अब तक की चार वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। ढाई लाख रुपए के सामान की चोरी से शुरू हुई जांच जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 13 और 14 अक्टूबर की रात को शहर में चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा रोड पर स्थित शंभु पेट्रोल पंप के आगे “आनंद सुपर मार्केट” नामक दुकान का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। दुकान मालिक आशीष छीपा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज हुआ था। दुकान से करीब ढाई लाख रुपए के खाने-पीने और कॉस्मेटिक सामान सहित 4200 रुपए नकद चोरी कर लिए गए थे। यह वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन में बनी टीम घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन में कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई नवरंग लाल, कॉन्स्टेबल प्रहलाद, सुनिल कुमार, राजकुमार, हरिराम और हरफूल को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने शहर के अलग-अलग जगहों पर लगातार निगरानी रखी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। दिन-रात मेहनत कर पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। शहर में दिनभर करते थे रेकी, रात में वारदात पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में 25 साल का निशार मोहम्मद पुत्र वजीर खान मंसूरी निवासी मस्जिद के पास, चंदेरिया; 28 साल का इमरान उर्फ इरफान मोहम्मद पुत्र शब्बीर मोहम्मद निवासी पुठोली; 25 साल का अभिषेक पुत्र प्रभुलाल दमामी निवासी नई आबादी, पुठोली; और 24 साल का जगदीश पुत्र माधुलाल जटिया निवासी बोदियाना शामिल हैं। निशार मोहम्मद के पास एक सीएनजी थ्री व्हीलर टेंपो है, जिसका यूज वे दिन में यात्रियों को लाने-ले जाने और रात में चोरी की वारदातों के लिए करते थे। दिन में यह गैंग शहर के अलग-अलग इलाकों में सूने मकानों और बंद दुकानों की रेकी करती थी, और रात में मौका देखकर ताले तोड़कर चोरी करती थी। चोरी के बाद सभी आरोपी सामान और नकदी को बराबर हिस्सों में बांट लेते थे। अब तक चार बड़ी वारदातों का खुलासा पूछताछ में आरोपियों ने शहर में हुई चार चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है। इनमें आनंद सुपर मार्केट की चोरी के अलावा नगर पालिका कॉलोनी में पूरणमल मेनारिया के मकान से नगदी चोरी, सेंगवा हाउसिंग बोर्ड में हरिमोहन सक्सेना के मकान से चांदी के पायजेब और लैपटॉप की चोरी, और कॉलेज के सामने पंचवटी प्रतापनगर में पिंकी सिंह के मकान से चोरी की वारदातें शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पीसी रिमांड पर भेजा गया है। अब पुलिस इनके पास से चोरी किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है। चोरी, लूट और पाॅक्सो एक्ट तक में संलिप्त रहे पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पहले भी अपराधों में लिप्त रहे हैं। अभिषेक दमामी के खिलाफ अपहरण, पाॅक्सो एक्ट, छेड़छाड़, मारपीट और नकबजनी के पांच मामले दर्ज हैं। इमरान उर्फ इरफान मोहम्मद के खिलाफ चोरी, लूट और मारपीट के कुल पांच मामले दर्ज हैं। इसी तरह निशार मोहम्मद के खिलाफ भी पूर्व में चोरी का एक मामला दर्ज है। यह सभी आरोपी एक साथ मिलकर नए इलाकों में वारदात करते थे। पुलिस टीम की मेहनत से मिली बड़ी सफलता इस सफलता में पुलिस टीम की मेहनत और सतर्कता का बड़ा योगदान रहा। कॉन्स्टेबल प्रहलाद और सुनिल कुमार ने मामले की जांच में अहम भूमिका निभाई। इनके अलावा कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश, लक्ष्मण सिंह, रवि कुमार और बलराम ने भी इस कार्रवाई में सक्रिय सहयोग दिया।
