जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में कैंटर का पहिया सफारी ट्रैक पर धंस गया। सड़क में धंसे पहिए को बाहर निकालते, उससे पहले ही सामने एक बाघ आ गया। यह देख कैंटर में बैठे 7 बच्चों समेत करीब 25 टूरिस्ट्स की सांसें अटकी रही। करीब 30 मिनट टाइगर कैंटर के सामने पत्थर पर बैठा रहा। आधे घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पर्यटकों को कैंटर से निकालकर दूसरी गाड़ी में सुरक्षित रेस्क्यू किया। टूरिस्ट का आरोप है कि हद तब हो गई, जब वन विभाग की टीम उन्हें दूसरे कैंटर तक पैदल ही लेकर गई। टूरिस्ट का कहना है कि इस बीच टाइगर हमला कर देता तो क्या होता? मामला रविवार का है। इसका वीडियो अब सामने आया है। पहले देखिए टाइगर के सामने कैंटर में फंसे टूरिस्ट की PHOTOS… टूरिस्ट का आरोप- टाइगर की टेरिटरी में 20 मीटर तक पैदल लेकर गए
टूरिस्ट उज्ज्वल शर्मा ने आरोप लगाया कि गाड़ी के फंस जाने के बाद वन विभाग के अधिकारियों को मदद के लिए फोन किया। लेकिन काफी देर तक किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं किया था। सूचना के आधे घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दूसरे कैंटर को बुलाया गया, लेकिन 20 मीटर तक टाइगर की टेरिटरी में पैदल दूसरी गाड़ी तक लेकर गए। इस दौरान टाइगर अटैक कर देता तो क्या होता? उज्ज्वल ने बताया कि मैंने वीडियो भी बनाए थे, जिसे रेंजर और अफसरों ने मुझसे डिलीट करवा दिए। हालांकि बाद में ये वीडियो रिकवर करवाए। पानी से सफारी ट्रैक पर दलदल
एसीएफ देवेंद्र राठौड़ ने कहा- टूरिस्ट की गाड़ी रविवार को ट्रैक से नीचे उतर गई थी। इसके बाद उन्हें दूसरी गाड़ी में कॉरिडोर बनाकर शिफ्ट किया गया। टाइगर की टेरिटरी के आसपास के इलाकों में अभी भी पानी है। इस कारण कई जगह दलदल की स्थिति बनी हुई है।
