जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क (NBP) में लगातार हो रही बारिश के बाद हालात बिगड़ने लगे हैं। सफारी ट्रैक पर फिसलन और जलभराव के कारण पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने टाइगर और लॉयन सफारी को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया है। वन विभाग ने यह फैसला रविवार को टाइगर सफारी के दौरान पर्यटकों से भरी बस के कीचड़ में फंस जाने के बाद लिया है। यहां एक टाइगर बस के पास आकर बैठ गया था। दैनिक भास्कर ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद वन विभाग हरकत में आया है। सफारी ट्रैक की स्थिति फिसलन भरी वन विभाग के उपवन संरक्षक विजयपाल सिंह ने बताया- जयपुर में फिलहाल बारिश का दौर जारी है। इस दौरान सफारी ट्रैक की स्थिति काफी फिसलन भरी हो गई है। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए 30 अक्टूबर से टाइगर और लॉयन सफारी को अगले आदेश तक बंद करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया- ट्रैक पर जगह-जगह पानी भर गया है, कई हिस्सों में मिट्टी धंस गई है। इस वजह से सफारी वाहनों का संचालन जोखिम भरा हो गया है। ट्रैक की मरम्मत और समतलीकरण का काम जल्द शुरू किया जाएगा। ऐसे में फिर से स्थिति सामान्य होने के बाद ही सफारी को दोबारा खोला जाएगा। बता दें कि रविवार को नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में टाइगर सफारी में पर्यटकों से भरा कैंटर गड्ढे में फंस गया था। उसी दौरान एक टाइगर करीब 20 फीट की दूरी पर आकर बस के पास बैठ गया। करीब 30 मिनट तक 25 पर्यटक टाइगर के बेहद नजदीक फंसे रहे। वन विभाग की टीम मौके पर देर से पहुंची, जिसके बाद यात्रियों को पैदल चलाकर दूसरी बस में बिठाया गया। इस दौरान पर्यटकों ने विभाग की लापरवाही पर नाराज़गी जताई।
