निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर देवेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में 28 अक्टूबर 2025 से 7 फरवरी 2026 तक एसआईआर की प्रक्रिया चलेगी। यह रहेगा शेड्यूल उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्र के मुद्रण का कार्य होगा। 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक घर-घर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य होगा। 9 दिसंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएगी। 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक नोटिस फेज रहेगा, जिसमें सुनवाई एवं सत्यापन किया जाएगा। 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दौसा में 2025 की वर्तमान मतदाता सूची के अनुसार 12 लाख 50 हजार 802 मतदाता है। प्रक्रिया में शामिल हों राजनीतिक दल जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में अधिक से अधिक सहभागिता के लिए आग्रह किया, ताकि निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम इस प्रक्रिया में छूटे नहीं। इस दौरान मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में एडीएम अरविंद शर्मा, नगर परिषद के पूर्व सभापति राजकुमार जायसवाल, भाजपा शहर उपाध्यक्ष नवीन शर्मा, जिला मंत्री एडवोकेट सियाराम शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़, बहुजन समाज पार्टी के द्वारका प्रसाद मीणा सहित कई राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
