फलोदी पुलिस ने 38 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए:साइबर अभियान के चलते 15 लाख के फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए - Mewar App

फलोदी पुलिस ने 38 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए:साइबर अभियान के चलते 15 लाख के फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए

फलोदी पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत 38 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपए है। इन मोबाइल को उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा CEIR पोर्टल के संबंध में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण के पर्यवेक्षण में विशेष टीमों का गठन किया गया था। जिले के सभी थानों में गुमशुदा मोबाइलों में नई सिम के संपर्क में आने की जानकारी CEIR पोर्टल पर प्राप्त हुई। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस थाना फलोदी और जिले के सभी पुलिस थानों की विभिन्न टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर इन फोनों को बरामद किया। फलोदी साइबर सेल में तैनात कॉन्स्टेबल भवानीसिंह इन्दा और मदाराम की टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए कुल 38 मोबाइल फोन ट्रेस कर परिवादियों को सौंपे। एसपी कंवरिया ने आमजन से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो गया है या चोरी हो गया है, तो वे CEIR पोर्टल पर आसानी से अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कहीं कोई मोबाइल फोन मिलता है, तो उसे अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में जमा करवाना चाहिए।