बांसवाड़ा में 9लाख लूट के मामले में मुनीम पर शक:पुलिस की जांच में लुटेरे नहीं दिखे, व्यापारी की रकम लेकर लौट रहा था - Mewar App

बांसवाड़ा में 9लाख लूट के मामले में मुनीम पर शक:पुलिस की जांच में लुटेरे नहीं दिखे, व्यापारी की रकम लेकर लौट रहा था

बांसवाड़ा शहर के राजतालाब थाना क्षेत्र के एक व्यापारी के मुनीम से 9 लाख रुपए की लूट हो गई। घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रहीं हैं। जानकारी मिलते ही राजतालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में लूट के सबूत नहीं मिले थाना अधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया कि बिल्डिंग मटेरियल व्यापारी प्रबुद्ध व्यास ने मुनीम पर शक जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मुनीम पलाश पटेल ने एचडीएफसी बैंक से 9 लाख नकद निकाले थे। मुनीम ने बताया कि बैंक से निकलने के बाद उसके साथ बाहुबली कॉलोनी से आते हुए मोटरसाइकिल सवारों ने लूट कर ली। पुलिस की जांच में घटनास्थल पर किसी तरह की वारदात के सबूत नहीं मिले हैं। न ही किसी ने लूट होते देखी। पुलिस जांच में पाया गया कि मुनीम के बताए अनुसार कोई झड़प या छीना-झपटी की घटना कैमरों में दर्ज नहीं हुई है। फिलहाल मुनीम से गहन पूछताछ की जा रही है तथा अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह मामला लूट का है या मुनीम ने झूठी कहानी बताई है। 500 मीटर की दूरी तय करने में लगे 8 मिनट थानाधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया कि अनुसंधान चल रहा है। शुरुआती पूछताछ में व्यापारी का मुनीम पलाश बता रहा है कि वह बाहुबली कॉलोनी से निकला है। वहां लगे सीसीटीवी खंगाले तो सामने आया कि वह मोटरसाइकिल से 500 मीटर की दूरी तय करने में 8 मिनट लगाता है। इसके बीच का कोई सीसीटीवी नहीं मिल रहा है।