बेनीवाल बोले-मैंने वसुंधरा को सात समंदर पार भेज दिया:जब से सीएम भजनलाल आए हैं, राजस्थान से अग्नि देवता बहुत नाराज हो गए - Mewar App

बेनीवाल बोले-मैंने वसुंधरा को सात समंदर पार भेज दिया:जब से सीएम भजनलाल आए हैं, राजस्थान से अग्नि देवता बहुत नाराज हो गए

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा- मैं फाइनल लड़ाई लड़ता हूं। जब मैं वसुंधरा राजे के खिलाफ लड़ा था। लोगों ने कहा था कि वसुंधरा आपको कुचल देगी। जेल में डाल देगी। तब मैंने कहा था कि मैं उसे सात समंदर पार भेज दूंगा। आज मैंने उन्हें वहीं भेज दिया है। बेनीवाल ने कहा- सीएम भजनलाल तो पनौती हैं राजस्थान के लिए। जब से ये आए हैं, तब से अग्नि देवता राजस्थान से बहुत नाराज हो गए हैं। हर जगह आग और विस्फोट हो रहे हैं। बहुत लोगों का दिमाग खराब हो गया है, उसे हमें ही ठीक करना है। सीएम भजनलाल को भी हम ही ठीक करेंगे। युवाओं के लिए RLP हर वक्त लड़ने को तैयार है। बीकानेर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में बुधवार को RLP का सातवां स्थापना दिवस मनाया गया। ‘कृषि मंत्री के कारण किसान परेशान हुए’
सांसद बेनीवाल ने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा- कृषि मंत्री के चक्कर में लोग समझ ही नहीं पाए कि असली खाद कौनसा है और नकली कौनसा है। आपके कारण किसान परेशान हुए। कितने लोगों को जेल में डाला। उन्होंने कहा- बीकानेर में मूंगफली का बड़ा घोटाला हो रहा है। खेत किसी का, टोकन किसी को। फसल बीमा के क्लेम में फर्जीवाड़ा हो रहा है। यहां के नेता कंपनियों के मुनीम बन गए हैं। कंपनियों से मिलकर गाड़ियां खरीद रहे हैं या फिर उनसे गिफ्ट ले रहे हैं। युवाओं से कहा आप तैयार हो जाओ, विधानसभा में घुस जाएंगे
बेनीवाल ने कांग्रेस के दिग्गज नेता रामेश्वर डूडी को भी याद किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस में डूडी की पकड़ दिल्ली तक थी। ऐसे में उनके जाने से बड़ा नुकसान राजस्थान को हुआ है। उनका जाना दुखद है, लेकिन ईश्वर के आगे हम नतमस्तक हैं। बेनीवाल ने कहा- प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। देशभर में अपराधों में हम आगे हो गए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि आप तैयार हो जाओ। हम राजधानी में घुस जाएंगे, विधानसभा में घुस जाएंगे। दिल्ली भी चलना पड़ सकता है। अग्निवीर का 25 परसेंट हिसाब-किताब बाकी है। आप सभी तैयार रहो, कभी भी लड़ना पड़ सकता है। समारोह में केक काटा गया। इस दौरान बेनीवाल की पत्नी, बेटा और भाई भी मौजूद रहे। करीब 10 मिनट तक आतिशबाजी भी की गई। आरएलपी सुप्रीमो ने सात साल होने पर बताए 7 संकल्प पश्चिमी राजस्थान की सीटों को साधने की तैयारी
बेनीवाल की बीकानेर में जनसभा को शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है। सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ पश्चिमी राजस्थान से जुड़ी विधानसभा सीटों को भी साधने का प्रयास किया गया। जनसभा में इंटरनेशनल शूटर और वेटरन एथलीट पाना देवी भी मंच पर पहुंचीं। बता दें कि RLP की स्थापना साल 2018 में की गई थी। कंटेंट व वीडियो : अलंकार गोस्वामी, बीकानेर