माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने मंगलवार के बाद बुधवार को बीकानेर, चूरू और सीकर के विभिन्न राजकीय विद्यालयों और कार्यालयों का अचानक निरीक्षण किया। जाट ने बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक के कन्हैया लाल सिखवाल राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल और सातलेरा के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद चूरू के रतनगढ़ ब्लॉक के राजलदेसर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल और सांगासर के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। वहीं सीकर के नेछवा ब्लॉक के गनेडा के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल का अवलोकन भी किया। उन्होंने श्रीडूंगरगढ़ के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय और सीकर के डीएलएड स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निदेशक जाट ने राजकीय विद्यालयों में मिड डे मील और पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत पाउडर मिल्क आपूर्ति एवं वितरण स्थिति, शिक्षण व्यवस्था, मेगा पी.टी.एम. प्रगति, विद्यार्थियों और स्टाफ उपस्थिति, विद्यालयों में साफ सफाई सहित कई अभियानों में हुए कामकाज को देखा। सांगासर में प्रिंसिपल सस्पेंड राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल , सांगासर में मिड डे मील कार्यक्रम सुचारू संचालन नियमानुसार नहीं होने, स्कूल में टाइम टेबल का अभाव होने, शैक्षणिक व अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित नहीं पाए जाने को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्य हेमन्त कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया गया। निलंबन काल में इनका मुख्यालय माध्यमिक शिक्षा निदेशालय रहेगा। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक के कन्हैया लाल सिखवाल राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल के एक वरिष्ठ शिक्षक द्वारा प्रखर 2.0 के संबंध में पूछे गए सवालों का सही जवाब नहीं दिए जाने को भी गंभीरता से लिया और उनके विरुद्ध 17 सीसीए चार्जशीट जारी किए जाने के निर्देश दिए। श्रीडूंगरगढ़ के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में देर से आने वाले और बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए कहा। बच्चों के साथ पंक्ति में बैठ चखा मिड-डे-मील निदेशक जाट ने सीकर के नेछवा ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल , गनेडी में बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मिड डे मील चखा। इसकी गुणवत्ता पर संतोष प्रकट किया। राजकीय निर्देशों की पालना नहीं होने की स्थिति में संबंधित विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। एक और डीएलएड कॉलेज की जांच जाट ने लोसल में शेखावाटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन (डीएलएड कॉलेज) का भी निरीक्षण किया। सायं 4 बजे कॉलेज में विद्यार्थी व शैक्षणिक स्टाफ सदस्य अनुपस्थित मिले। छात्र उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। इसमें भी उपस्थिति अद्यतन नहीं पाई गई। पुस्तकालय व कक्षा कक्षों का अवलोकन किया। पुस्तकालय व कक्षा-कक्ष व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
